लालू की रैली में पहुंचे अखिलेश, ममता, गुलाम नबी, शरद, जाने किसने क्‍या कहा

लालू की रैली

आरयू वेब टीम।

महागठबंधन टूटने के बाद आज पटना में आयोजित लालू प्रसाद यादव की देश बचाओं, भाजपा भगाओ रैली में पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी, सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता गुलाम नबी आजाद, बागी शरद यादव समेत विपक्ष के तमाम दिग्‍गज नेताओं ने जुटकर अपना इरादा जता दिया। रैली में जुटी लाखों लोगों की जबरदस्‍त भीड़ के दौरान लालू के परिवार के सदस्‍यों के साथ ही विपक्ष के दूसरे नेताओं ने भी भाजपा पर जमकर हमला बोलते हुए उसकी नीतियों को देश हित के साथ ही लोकतंत्र के लिए भी एक तरह से खतरा बताया। वहीं नीतिश कुमार पर भी वक्‍ताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए हमला बोला।

नीतीश ने घर आकर मांगा था समर्थन

राजद सुप्रीमो ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि फासिस्ट और कम्यूनल दंगाई वाली ताकत को दिल्ली की गद्दी से उतार देंगे। उसको उतारने के लिए ही बिहार में महागठबंधन बनाया था, लेकिन आज नीतीश महागठबंधन का साथ छोड़कर भाजपा के साथ चले गए। नीतीश पर हमला तेज करते हुए उन्होंने कहा कि वे जानते थे यह आदमी ठीक नहीं है। हमारे सामने देश टूट रहा था। राम रहीम के बंदों में नफरत फैल रही थी। हमने नीतीश को टीका लगाया था आशीर्वाद दिया था।

यह भी पढ़ें- विरोधियों की 27 अगस्‍त को होने वाली रैली से बीजेपी की उड़ गयी है नींद: लालू

लालू की रैली

लालू ने आरोप लगाते हुए कहा कि नीतीश को तेजस्वी के काम करने से मिल रही तारीफ से जलन हो रही थी। नीतीश कुमार ने मेरे घर पर आकर समर्थन मांगा था और मैंने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया। राष्‍ट्रपति चुनाव की बात करते हुए लालू ने कहा कि नीतीश कुमार दिल्ली जाकर भाजपा के सभी वरिष्ठ नेताओं से मिले थे नीतीश कुमार। बिहार की बेटी मीरा कुमार को नीतीश कुमार ने वोट नहीं दिया। अगर जदयू ने समर्थन दिया होता तो आज बिहार की बेटी देश की राष्ट्रपति होती। नीतीश कुमार कहते थे कि हम मिट्टी में मिल जायेंगे, लेकिन भाजपा के साथ नहीं जाएंगे लेकिन उन्‍होंने पीठ में छूरा घोंपकर भाजपा से गठबंधन कर लिया। लालू यही नहीं रुके उन्‍होंने दुख जताते हुए कहा कि चारा मामले में पेशी के लिए जब हम रांची गए थे तभी हमारे पटना आवास पर सीबीआई ने छापा मार दिया। जबकि बिना राज्‍य सरकार के अनुमति के सीबीआइ छापेमारी नहीं कर सकती है।

अखिलेश ने कहा देश को बचाना है तो भाजपा को भगाना है

रैली में शामिल होने पहुंचे सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव आज पूरी लय में दिखे उन्‍होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा डिजीटल पार्टी है और पार्टी के नेता कमरे में बैठकर देख रहे होंगे कि गूगल पर यहां की क्या तस्वीर है। यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा ने किसानों और गरीबों को पीछे करने का काम किया है। हम भाजपा से यह पूछना चाहते है कि तीन साल से ज्यादा का समय निकल गया है और किसान-गरीबों के जीवन में क्या बदलाव आया है।

यह भी पढ़ें- CBI के बाद लालू के परिवार पर ED का शिकंजा, बेटी-दामाद के तीन ठिकानों पर छापेमारी

उन्‍होंने पूर्व की सपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के साथ ही कहा कि हमें देश को बचाना है तो भाजपा को भगाना है। इस दौरान सपा सुप्रीमो के निशाना पर उत्‍तर प्रदेश की योगी सरकार भी रही। वहीं उन्‍होंने मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि हम तो एक हो गए है, आप भी एक हो जाएं। भाजपा को लगता है कि डिजीटल मीडिया का सहारा लेकर चुनाव जीत जाएंगे। वहीं नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि बाढ़ आई नहीं है बल्कि लाई गई।

भाजपा के साथ जाने वाली पार्टी नहीं बचेगी: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए भोजपुरी में लालू यादव को रैली में बुलाने के लिए धन्यवाद दिया। इसके साथ ही रैली मैदान लाखों लोगों की तालियों से गूंज उठा। ममता बनर्जी ने कहा कि वो किसी से डरती नहीं है। मोदी सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों के नाम लिए जाने से कोई दोषी नहीं हो जाता है। तीन साल बीतने जा रहा है, लेकिन केंद्र सरकार ने अब तक केवल झूठे वादे किए है। काम कुछ नहीं दिख रहा है।

यह भी पढ़ें- महागठबंधन को झटका, लालू की ‘भाजपा विरोधी महारैली’ में हिस्‍सा नहीं लेगी JDU

ममता ने कहा, आज नीतीश जी ने लालू जी को छोड़ा है, आने वाले चुनाव में जनता लालू जी को चुनेगी और नीतीश जी गायब हो जाएंगे। भाजपा के साथ जाने वाली पार्टी आने वाले समय में खत्‍म हो जाएगी।

बागी शरद ने फूंका बिगुल

नीतीश कुमार की चेतावनी के बाद भी लालू यादव की रैली में पहुंचे जदयू के बागी नेता शरद यादव पर सबकी निगांह थी। शरद यादव ने बिहार के लाखों लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी जगह राजनीति हो गयी है कि हमारी छाया भी हमसे बगावत कर गई है। उन्‍होंने पुरानी बात याद दिलाते हुए कहा कि इसी मंच पर गठबंधन बना था़ बातचीत के बाद लालू जी और हमारे यहां के मुख्यमंत्री जी के बीच महागठबंधन को लेकर बात बन गयी़ जिसके बाद हमने यहां गठबंधन बनाया़ यहां के लोगों ने ऐसा बदलाव लाए जिसके बाद जीत का जश्न मना।

शरद यादव ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि बिहार में महागठबंधन खत्म करने की कोशिश हुई है, लेकिन अब पूरे देश में महागठबंधन बनाने की कोशिश तेज होगी। आना वाला समय बड़े बदलावा का है।

लालू की रैली
मंच पर कुछ इस अंदाज में भी नजर आए लालू, ममता और अखिलेश।

असली जदयू हैं शरद यादव

सोनिया गांधी और राहुल गांधी की गैरमौजूदगी में रैली में पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने मंच से कहा कि बिहार में राजद-जदयू-कांग्रेस ने मिलकर भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए को पराजित किया था। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा के पूरी ताकत लगाने के बाद भी एनडीए को पराजय का सामना पड़ा था, लेकिन आज जिस मंच से हमने वादा किया था कि हम यहां की जनता को न्याय देंगे। उस मंच से अभी हम लोगों के बीच से एक व्यक्ति नीतीश कुमार गायब है। उन्होंने कहा कि असली जदयू शरद यादव है। नीतीश कुमार को दोबारा से चुनाव लड़ना चाहिए। महागठबंधन में उनकी शादी के फेरे हुए, तलाक अभी तक नहीं हुआ है।

सुनाया गया सोनिया गांधी का रिकॉर्डेड भाषण

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का रिकॉडेड भाषण रैली में शामिल होने आएं लोगों को सुनाया गया। सोनिया गांधी ने अपने संदेश में कहा कि भाजपा को देश की नहीं, अपनी पार्टी की चिंता है। अपने संदेश में सोनिया गांधी ने कहा कि किसानों के कर्ज माफ नहीं हो रहे है, लेकिन बड़े कारोबारियों को हरसंभव मदद पहुंचायी जा रही है। इसलिए आज यह तय करने का वक्त आ गया है कि हमें किस धारा के साथ चलना है।

हिम्‍मत है तो अकेले लड़कर दिखाएं चुनाव

वहीं बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने महागठबंधन के लिए नीतीश कुमार को जिम्मेवार ठहराते हुए कहा कि अगर नीतीश जी में हिम्मत है तो वे अकेले चुनाव लड़ कर दिखाएं। उन्होंने कहा कि उन्‍होंने कभी अकेले चुनाव नहीं लड़ा है इससे उनकी ताकत का ही पता चलता है।

नहीं टूटा है महागठबंधन

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश कुमारे अच्छे चाचा नहीं है। महागठबंधन टूटा नहीं है। असली जदयू हमारे अभिभावक शरद यादव का है। उनको डराया गया कि आप रैली में नहीं जाएंगे। नीतीश सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गयी है।

यह भी पढ़ें- छापे के बाद लालू का हमला, मिट्टी में मिल जाएंगे, लेकिन मोदी सरकार को हटाकर ही दम लेंगे

पिछली बातों का जिक्र करते हुए तेजस्‍वी यादव ने कहा कि नीतीश जी ने कहा था कि संघ मुक्त भारत का निर्माण करना है। लेकिन आज अपने सपने को भूलकर उन्हीं के साथ वे जुड़ गये है। भाजपा वालों ने नीतीश जी के डीएनए तक पर सवाल उठाया था। हम लोगों ने इसको लेकर सवाल नहीं उठाया। बावजूद इसके आज उन्होंने फिर से भाजपा के साथ मिलकर बिहार में सरकार का गठन कर लिया।

तेजस्वी ने हमला तेज करते हुए आगे कहा कि कोई सगा नहीं जिसको नीतीश जी ने ठगा नहीं. भाजपा पर निशाना तेज करते हुए तेजस्वी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूंजीपतियों की पार्टी है। इस पार्टी का गरीब जनता और किसानों से कुछ लेना-देना नहीं है।

यह भी पढ़ें- मायावती ने लालू की रैली में शामिल होने के लिए रखी यह शर्त