राज्यों में मतदान के बाद जनता को लगा महंगाई का झटका, LPG सिलेंडर के दाम में हुई 993 रुपये की बढ़ोत्तरी

कमर्शियल सिलेंडर
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल और असम समेत कई राज्यों के चुनाव खत्म होने के तुरंत बाद आम जनता को महंगाई का करारा झटका लगा है। देशभर में एलपीजी गैस की कीमतों को में बड़ी बढ़ोतरी की गई है। शुक्रवार यानी एक मई 2026 से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (19 किलो) के दाम में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3000 रुपये के पार पहुंच गई है।

जारी नए रेट के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 3071.50 रुपये हो गई है, जो एक अप्रैल को 2078.50 रुपये थी। यानी एक महीने में ही 993 रुपये की सीधी बढ़ोतरी हुई है। कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड कारोबार पर पड़ेगा। गैस की लागत बढ़ने से खाने-पीने की चीजों की कीमतों में भी इजाफा होने की संभावना है। यानी बाहर खाने के लिए जनता को ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ेगा। साथ ही घरेलु गैस सिलेंडर की काला बाजारी भी बढ़ जाएगी।

दाम बढ़ोत्तरी के बाद मुंबई में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,024 रुपये हो गई है, जो कि पहले 2,031 रुपये थी। कोलकाता में 994 रुपये का इजाफा हुआ है। यहां पर सिलेंडर की कीमत 2,208 से बढ़कर 3,202 हो गई है। इसी तरह चेन्नई में भी 3,237 रुपये का सिलेंडर हो गया है। पहले यह 2,245.50 रुपये का था।

यह भी पढ़ें- देश में LPG की किल्लत पर खड़गे ने कहा, गरीब तबकों पर पड़ रहा इसका असर

वहीं कीमतों में अचानक बढ़ोतरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा है कि यह बढ़ोतरी चुनाव खत्म होते ही की गई है, जो एक सोची-समझी रणनीति लगती है। उन्होंने इसे संयोग नहीं, बल्कि एक पैटर्न बताया है।

यह भी पढ़ें- महीने के पहले ही दिन लगा महंगाई का झटका, फिर बढ़ा LPG सिलेंडर का दाम