तारों पर कपड़े सुखाने वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार, “जनता BJP को धो-पटककर देगी सुखा”

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बिजली संकट और बढ़ती कटौती को लेकर सियासत तेज हो गई है। अखिलेश यादव ने सीएम योगी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें योगी ने कहा था कि सपा सरकार के दौरान बिजली के तारों पर कपड़े सुखाए जाते थे। इस पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।

अखिलेश ने अपने बयान में प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते कहा कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था चरमरा चुकी है, लेकिन सरकार जिम्मेदारी लेने के बजाय विपक्ष पर आरोप लगा रही है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अच्छा हुआ मुख्यमंत्री ने बिजली संकट के पीछे ‘दिल्ली से भेजे गए किसी दूत’ की साजिश का आरोप नहीं लगाया। सपा प्रमुख ने ये भी पूछा कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में बिजली मंत्री शामिल होते हैं या नहीं।

इस दौरान भाजपा सरकार और जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में बिजली सब-स्टेशनों की सुरक्षा के लिए पीएसी तैनात करनी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के विधायक और सांसद जनता के गुस्से से बचने के लिए अपनी ही सरकार के खिलाफ पत्र लिख रहे हैं। सपा मुखिया ने इसे सरकार की विफलता बताते हुए कहा कि जनता बिजली कटौती और अव्यवस्था से परेशान है, जबकि सरकार समाधान देने में नाकाम साबित हो रही है।

इतना ही नहीं भाजपा सरकार ने दस साल में बिजली विभाग को बर्बाद कर दिया है। मुख्यमंत्री जी ने अपने पूरे कार्यकाल में बिजली का एक भी नया कारखाना नहीं लगाया और न एक यूनिट बिजली का उत्पादन बढ़ाया। भाजपा सरकार केवल मीटरों को बदल-बदल कर जनता से उगाही करती रही। भाजपा ने जनता को ठगने और लूटने का काम किया। आज प्रदेश की जनता बिजली के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है। जगह-जगह लोग सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रहे है। सरकार बिजली उत्पादन बढ़ाने और बिजली देने के बजाय तरह-तरह के कुतर्क कर जनता को गुमराह करने का पाप कर रही है।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा अखिलेश ने कहा, भाजपाइयों के घर-दुकान व प्रतिष्ठान के नक्शे की भी हो जांच

बता दें कि सीएम योगी ने मंगलवार को बिजली संकट के मुद्दे पर विपक्ष को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में बिजली व्यवस्था बदहाल थी, वही आज सवाल उठा रहे हैं। सपा सरकार के दौरान बिजली के तारों पर कपड़े सुखाए जाते थे। साथ ही मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि जरूरत के मुताबिक ही बिजली का उपयोग करें और अनावश्यक बिजली खर्च से बचें। उन्होंने नगर निगमों और ग्राम पंचायतों से भी जरूरत के अनुसार ही स्ट्रीट लाइट जलाने को कहा।

यह भी पढ़े- अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर तंज, ‘नीट’ को  कहा जाना चाहिए ‘लीक परीक्षा’