काकोरी में नगर निगम की तेज रफ्तार डंपर ने सवारियों से भरी टैक्‍सी को मारी टक्‍कर, वाहन काटकर निकाला गया ड्राइवर

भीषण टक्कर
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे ड्राइवर।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी के काकोरी क्षेत्र में शनिवार को मोहन रोड पर एक सड़क हादसा हुआ। पानखेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने नगर निगम के डंपर ने सामने से आ रही टैक्सी को जोरदार टक्‍कर मार दी। टक्‍कर इतनी तेज थीं कि टैक्सी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घायल ड्राइवर अंदर ही फंस गया, जबकि अंदर बैठी सवारियों को भी चोटें आयीं।

मिली जानकारी के मुताबिक हादसा काकोरी में मोहान रोड स्थित घुरघुरी का तालाब चौकी क्षेत्र में लखनऊ नगर निगम के तेज रफ्डंतार डंपर (यूपी 32 एनन 6897) ने सवारी लेकर सामने से आ रही टैक्सी (यूपी 32 क्यूएन 7489) को टक्‍कर मार दी थीं। ये टक्कर पानखेड़ा प्राथमिक विद्यालय के सामने हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया। टक्‍कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत टीम को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद टैक्सी काटकर चालक को बाहर निकाला गया। घायल चालक की पहचान उन्नाव के सोहरामऊ निवासी प्रभात पुत्र गजानाथ के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया

काकोरी थाना प्रभारी सतीश चंद्र राठौर ने कहा हादसे के समय टैक्सी में कई यात्री भी सवार थे। सभी यात्री बाल-बाल बच गए। उन्हें मामूली चोटें आईं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि टक्कर का प्रभाव अधिक होता, तो जनहानि भी हो सकती थी।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर में भीषण हादसा, छठ मनाने बिहार जा रहे यात्रियों से भरी प्राइवेट बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, 24 घायल

दुर्घटना के कारण कुछ देर के लिए मोहान रोड पर यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम के भारी वाहनों के संचालन पर सवाल उठाए, उनका कहना है कि डंपर और अन्य भारी वाहन अक्सर तेज रफ्तार में चलते हैं। इसके चालक इतने मनबढ़ होते हैं कि यह छोटे वाहनों को कुचलने में भी गुरेज नहीं करते।

यह भी पढ़ें- यूपी में भीषण हादसा, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन ने बस को मारी टक्कर, पांच यात्रियों की मौत, 12 घायल