आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण ‘बेगाने की शादी में अब्दुल्ला दिवाना’ वाली कहावत चरितार्थ करने वाली अपनी विवादित कार्यप्रणाली छोड़ सकता है। नगर निगम को हैंडओवर गोमतीनगर के विभिन्न खंडों में स्थित पार्कों की रंगाई-पुताई के नाम पर हाल के दिनों में करीब दो दर्जन संदिग्ध टेंडर होने के बाद डुप्लीकेसी रोकने के लिए एलडीए अपने कामों की जीआइएस टैगिंग कराने जा रहा। इस सिस्टम से अवस्थापना निधि समेत विभिन्न मदों से किये जाने वाले विकास कार्यों का पूरा रिकॉर्ड एक क्लिक में मिलने की उम्मीद है।
एलडीए ने कहा है कि उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग सेल (पीएमसी) जीआईएस पोर्टल पर टैगिंग मॉड्यूल तैयार कर रहा, जो 80 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। वहीं इस बारे में प्रथमेश कुमार ने मीडिया का बताया है कि कई मामलों में नगर निगम और एलडीए की ओर से एक ही काम के लिए अलग-अलग टेंडर जारी होने की स्थिति सामने आ चुकी है। नये जीआईएस पोर्टल के लागू होने के बाद ऐसी गड़बड़ियों पर रोक लगेगी और किसी भी परियोजना की जानकारी डिजिटल प्लेटफार्म पर पहले से उपलब्ध रहेगी।
यह भी पढ़ें- LDA ऑफिस में ही उड़ी ई-टेंडर की धज्जियां, तबादले के बाद भी जमे बेखौफ इंजीनियर बिना निविदा ही नई बिल्डिंग में करा रहें साढ़े चार करोड़ का रेनोवेशन
यह जानकारी वीसी ने ऐसे समय दी है जब लखनऊ नगर निगम की जिम्मेदारी वाले गोमतीनगर के पार्कों के सौंदर्यीकरण के नाम पर मात्र दो महीनों में ही एक-दो नहीं, बल्कि दर्जनों टेंडर अभियंत्रण जोन एक से कराये जा चुके हैं। खास बात यह भी है इन पार्कों की फाइलें का इस्टीमेट न सिर्फ दस लाख के अंदर रखा गया, बल्कि योगी सरकार की प्राथमिकता वाली कार्यप्रणाली (ई-टेंडर) की जगह हमेशा से ही टेंडर मैनेज कराने के लिए बदनाम रही सामान्य निविदा वाली प्रक्रिया अपनायी गयी। इनमें कई पार्क ऐसे भी शामिल हैं, जिनमें नगर निगम ने इसी वर्ष सौंदर्यीकरण के काम कराये हैं। हालांकि टेंडर के बाद इन पार्कों में से अधिकतर में एलडीए की ओर से काम शुरू नहीं कराया गया है।
मई-जून में हुयी इन निविदाओं का मामला सामने आने के बाद चीफ इंजीनियर मानवेंद्र सिंह ने एक्शन लिया है। उन्होंने बाकी छह जोनों की कुल समान्य निविदा से भी अधिक अकेले टेंडर कराने वाले जोन एक के अभियंताओं को फटकार लगाते हुए पाइपलाइन में चल रहे अन्य संदिग्ध कामों की समान्य निविदा पर भी रोक लगा दी है। साथ ही चीफ इंजीनियर ने पार्कों में काम शुरू होने से पहले इनकी फाइलों के साथ ही काम का भौतिक सत्यापन कराने की बात भी कही है।
शुरू से अंत तक दर्ज होगी डिटेल
दूसरी ओर आज जीआइएस टैगिंग के बारे में प्रथमेश कुमार ने कहा है कि इसके लिए पोर्टल पर हर विकास कार्य की जीआईएस टैगिंग करायी जा रही। इसमें यह दर्ज होगा कि निर्माण कार्य कब शुरू हुआ, कब तक पूरा होना है, किस संस्था द्वारा कार्य कराया जा रहा और उस पर कितनी लागत खर्च होगी। इसके साथ ही शहर के सभी जोनों में चल रहे विकास कार्यों का भी पूरा लेखा-जोखा ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा।
यह भी पढ़ें- एलडीए की बहुचर्चित ‘हरियाली’ पर कमिश्नर की नजर, तलब किया पार्कों की आमदनी-खर्चों की डिटेल, सुधर सकते हैं हालात
अवस्थापना के काम अपडेट
एलडीए उपाध्यक्ष ने कहा है कि टैगिंग सिस्टम से विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी। विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और एक ही परियोजना पर विभिन्न विभागों से अलग-अलग टेंडर जारी होने जैसे प्रकरणों पर प्रभावी रोक लगेगी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवस्थापना निधि से कराये गये समस्त विकास कार्यों की जीआईएस टैगिंग करा ली गयी है। अब अन्य कार्यों का डाटा भी मॉड्यूल पर अपडेट किया जा रहा है।
कलर कोड से कार्यों की पहचान
प्राधिकरण का कहना है कि जीआईएस पोर्टल पर तैयार हो रहा यह मॉड्यूल किसी भी विकास कार्य की जानकारी एक क्लिक पर देगा। इसके लिए जीआईएस पर अलग-अलग कलर कोड से टैगिंग करायी जा रही है। जिस साल के कार्य का ब्योरा देखना होगा, उसके कलर कोड पर क्लिक करते ही पूरा डाटा सामने आ जाएगा। इससे विकास कार्यों की निगरानी भी आसानी से की जा सकेगी।
नगर निगम के इन पार्कों का एलडीए ने कराया टेंडर-
– विनय खंड मकान नंबर 4/909 के सामने पार्क की रंगाई-पुताई।
– विनय खंड मकान नंबर 3/188 के सामने पार्क की रंगाई-पुताई।
– विनय खंड मकान नंबर 3/248 के सामने पार्क की रंगाई-पुताई।
– विनय खंड के यूनिक पार्क में फैंसी लाइट लगाना।
– विवेक खंड के पूजा पार्क में इंटरलॉकिंग।
– विश्वास खंड के शांति पार्क में सौंदर्यीकरण।
– विशेष खंड दो स्थित जनसहयोग पार्क की रंगाई-पुताई।
– विशेष खंड चार स्थित योगा पार्क की रंगाई-पुताई।
– विराज खंड चार स्थित पार्क की रंगाई-पुताई।
– विजय खंड दो स्थित पार्क की बाउंड्रीवॉल मरम्मत।
– विवेक खंड तीन स्थित पूजा पार्क के जिम के पास इंटरलॉकिंग टाइल्स।
– विश्वास खंड एक स्थित शांति पार्क का सौंदर्यीकरण।
– विनय खंड चार स्थित पार्क की रंगाई-पुताई।
– विनय खंड तीन स्थित पार्क की रंगाई-पुताई।
– विनय खंड तीन स्थित पार्क की रंगाई-पुताई।
– विश्वास खंड चार स्थित हनुमंत पार्क की रंगाई-पुताई।
– विनय खंड एक स्थित एकता पार्क का सौंदर्यीकरण।
– विराज खंड चार स्थित पार्क की रंगाई-पुताई।
– विश्वास खंड (नेहरू इनक्लेव) गायत्री पार्क का सौंदर्यीकरण।
– विवेक खंड दो स्थित पार्क का सौंदर्यीकरण।
– विनय खंड एक स्थित पार्क की रंगाई-पुताई।




















