विधायक निवास की 7वीं मंजिल से गिरकर पूर्व मंत्री की मौत, हत्या या आत्महत्या जांच में जुटी पुलिस

नानकदीन भुर्जी
नानकदीन भुर्जी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज स्थित नए विधायक निवास परिसर में मंगलवार दोपहर एक  दर्दनाक घटना सामने आई है। योगी सरकार के पूर्व राज्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री नानकदीन भुर्जी की सातवीं मंजिल से नीचे गिरने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना की सूचना पर और स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह दुखद घटना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। जहां नानक दीन भुर्जी ने कथित तौर पर भवन की सातवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नानक दीन को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार विधायक निवास के व्यवस्था अधिकारी ने चौकी प्रभारी को सूचना दी कि भवन के पीछे एक व्यक्ति ऊपरी मंजिल से गिर गया है। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। बाद में उनकी पहचान करीब 68 वर्षीय नानक दीन (नानक राम) भुर्जी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के साथ पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई। शुरुआती जांच में ये जानकारी सामने आई है कि नानक दीन भुर्जी लंबे समय से अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहे थे।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवनचंद्र खंडूरी का निधन,  राजनीति जगत में शोक

अधिकारियों के मुताबिक उन्हें अक्सर दारुल सफा विधायक निवास परिसर में अकेले टहलते हुए देखा जाता था, फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अफसरों ने बताया कि फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है ताकि घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।