‘देश के युवाओं को RSS प्रमुख से किसी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं’: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत द्वारा नई पीढ़ी यानी ‘जेन जी’ और ‘जेन अल्फा’ के युवाओं के साथ हाल ही में की गई बातचीत को लेकर देश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस पार्टी ने इस कार्यक्रम और संघ की कार्यशैली पर कड़ा हमला बोला है, जबकि कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को दो टूक शब्दों में कहा कि देश के युवाओं को आरएसएस प्रमुख से किसी भी तरह के प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) की आवश्यकता नहीं है।

संसद परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोहन भागवत के उस कार्यक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने युवाओं से संवाद किया था। प्रियंका गांधी ने स्पष्ट रूप से कहा कि, “देश के युवाओं को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत जी से किसी प्रमाण पत्र की कोई जरूरत नहीं है।”

वहीं कर्नाटक सरकार के मंत्री और कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए संघ और भाजपा पर बड़ा निशाना साधा। प्रियांक ने लिखा कि, “आरएसएस और भाजपा अपनी शब्दावली (शब्दावली) को बहुत तेजी से अपडेट कर रहे हैं, लेकिन दुर्भाग्य से इससे उनकी मूल विचार धारा कभी नहीं बदलेगी। सच्चाई आज भी वही है, लोगों को आपस में बांटना, युवाओं को गुमराह करना और नफरत को एक नए रूप में पेश करना। संघ वही पुराना है, बस अब उसकी भाषा बदल गई है।”

यह भी पढ़ें- प्रियंका ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी को ट्रंप के सामने उठाना चाहिए भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा

बता दें कि यह बयान तब सामने आया है जब एक दिन पहले ही मुंबई के नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र में एक विशेष सत्र के दौरान आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने ‘जेन जेड’ और ‘जेन अल्फा’ के युवाओं के साथ सीधा संवाद किया था और उनके विचारों को सुना था।

यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी का भाजपा-RSS पर निशाना, हॉकी टीम की जर्सी का रंग या इतिहास को बदलने की कोशिश