आरयू ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले शनिवार को प्रशासन ने सीतापुर में कांग्रेस कमेटी के कार्यालयों पर कार्रवाई की है। शनिवार को एसडीएम, ईओ, कोतवाल समेत कई चौकी प्रभारियों ने कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पहुंचकर ताला लगवाया दिया है। दरअसल नजूल भूमि पर बने शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय को प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया। जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की है।
इस कार्रवाई के दौरान पांच चौकियों की पुलिस मौजूद रही। बताया जा रहा है कि सीतापुर शहर कांग्रेस कमेटी का कार्यालय नजूल भूमि पर बने घंटाघर की इमारत में चल रहा था। इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन, अधिशासी अधिकारी विकास कुमार, तहसीलदार अजीत जायसवाल, शहर कोतवाल दिनेश प्रकाश पाण्डेय मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि नजूल भूमि पर अवैध कब्जा और वर्ष 1971 के बाद से लगभग 55 वर्षों तक किराया न जमा करना कार्रवाई का कारण बना है।
दरअसल नगर पालिका प्रशासन ने बीती चार जुलाई 2026 को नोटिसा सौंपा था। शहर कांग्रेस कमेटी के द्वारा स्टे के लिए हाईकोर्ट में याचिका दी गई थी। हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद नगर पालिका के द्वारा 15 दिन का समय दिया गया था। समय की अवधि खत्म होने के बाद प्रशासन ने शहर कांग्रेस कार्यालय को सील कर ताला लगा दिया है।
यह भी पढ़ें- यूपी विधानसभा में BSP-कांग्रेस से छीना कार्यालय, सपा के ऑफिस का हुआ विस्तार, जानें वजह
बता दें कि नगर पालिका परिषद द्वारा 15 दिनों के भीतर कार्यालय खाली कर कब्जा सौंपने का निर्देश दिया गया था। कांग्रेस ने इस बेदखली आदेश के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया और आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कार्यालय पर कब्जा ले लिया है।




















