सुप्रीम कोर्ट के जज ने CJI को लेटर लिख कहा, HC के एक्टिंग चीफ जस्टिस को तुरंत हटाइए

सुप्रीम कोर्ट

आरयू वेब टीम। सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस संदीप मेहता ने चीफ जस्टिस आफ इंडिया को कई पत्र लिखकर राजस्थान हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा को तुरंत पद से हटाने की मांग की है। खास बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट के किसी कार्यरत जज द्वारा अपने ही पैरेंट हाई कोर्ट के एक्टिंग सीजे के खिलाफ सीजेआइ को इस तरह औपचारिक पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाना भारतीय न्यायपालिका के इतिहास में एक दुर्लभ घटनाक्रम माना जा रहा है।

दरअसल, जस्टिस संदीप मेहता ने सीजेआई सूर्यकांत को अगस्त 2026 में लगातार तीन पत्र (दो अगस्त, दस अगस्त और 17 अगस्त) लिखे हैं। पत्रों में मांग की गई है कि राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा को तत्काल पद से हटाया जाए। यहां से स्थानांतरित किया जाए और किसी अन्य राज्य के जज को राजस्थान हाई कोर्ट का नियमित मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया जाए।

यह भी पढ़ें- JPSC-JSSC नियुक्ति घोटाला: सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड व केंद्र सरकार को जारी किया नोटिस

जस्टिस मेहता ने अपने पत्रों में प्रशासनिक शक्तियों के दुरुपयोग, पक्षपात, भाई-भतीजावाद और मुकदमों की लिस्टिंग में हेरफेर जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि अन्य पीठों में सूचीबद्ध मामलों को बिना किसी उचित कारण के वापस लेकर जस्टिस शर्मा ने अपनी पीठ में ट्रांसफर किया। राजस्थान हाई कोर्ट के कई जजों ने उनसे शिकायत की है कि जस्टिस शर्मा उन्हें स्थानांतरण या प्रतिकूल कार्रवाई की धमकी देते हैं।

पत्रों में विशिष्ट न्यायिक मामलों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया कि जोधपुर पीठ के क्षेत्राधिकार वाले मामलों को जयपुर स्थानांतरित कर सुनवाई की गई। पत्रों में जयपुर में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और नए कोर्ट भवन के उद्घाटन से जुड़े विवादों का भी जिक्र किया गया है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ जजों के प्रति उपेक्षा और असम्मान का आरोप लगाया गया।

यह भी पढ़ें- AI पर आंख मूंदकर भरोसा खतरनाक, हर स्तर पर निगरानी अनिवार्य, सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी