आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रविवार मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। सवारियों से ठसाठस भरा एक ऑटो सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से टकरा गया। इस भीषण हादसे में दो मासूम बच्चों समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को चंदौसी, संभल और मुरादाबाद के विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार बहजोई थाना क्षेत्र के समीप एक ऑटो बहजोई से चंदौसी की दिशा में जा रहा था। जैसे ही वह बमनेटा गांव के पास पहुंचा, सड़क पर अचानक सामने आई एक दिव्यांग व्यक्ति की ट्राई साइकिल को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया। अनियंत्रित ऑटो सीधे सामने से आ रहे डंपर में जा घुसा। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और टक्कर के बाद डंपर भी बेकाबू होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में ऑटो चालक सौदान सिंह (40), रुवैद (30), ध्रुव और चार माह की मासूम बच्ची आराध्या शामिल हैं। पांचवें मृतक की पहचान को लेकर पुलिस पड़ताल कर रही है। दुर्घटना में एक साथ पांच मौतों और दो मासूमों की जान जाने से मृतकों के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें- उधमपुर में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी ओवरस्पीड प्राइवेट बस, 22 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 40 घायल
हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सड़क पर बाधित हुए यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि दुर्घटना का मुख्य कारण केवल ट्राईसाइकिल को बचाने में हुआ मोड़ था या डंपर की अत्यधिक रफ्तार और सड़क की स्थिति भी इसमें जिम्मेदार थी।




















