अब AAP के इस विधायक ने दिया पार्टी से इस्‍तीफा, वजह भी बताई

सुखपाल सिंह खैहरा
आप विधायक सुखपाल सिंह खैहरा। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। 

आम आदमी पार्टी (आप) को एक विधायक ने झटका दिया है। पंजाब से आप विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने आज पार्टी छोड़ने का ऐलान मीडिया के सामने कर दिया है। हालांकि खैहरा पहले से ही पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में आप से निलंबित चल रहे थे। वहीं अपने इस्‍तीफे की वजह बताते हुए सुखलाप सिंह ने कहा है कि आप उस विचारधारा और सिद्धांतों से पूरी तरह भटक गई है, जो अन्ना हजारे के आंदोलन के बाद बनी थी।

बताते चलें कि सुखपाल सिंह ने आप के आधा दर्जन विधायकों समेत पार्टी के खिलाफ ही मोर्चा खोल रखा था। उन्‍होंने तीसरा मोर्चा खड़ा करने के लिए इंसाफ मार्च भी किया था। वहीं सुखपाल के इस्तीफे से पहले आप विधायक एचएस फूलका ने भी अपना इस्तीफा पार्टी को सौंप दिया था।

हालांकि अभी स्‍पष्ट नहीं हो सका है कि खैहरा का साथ दे रहे कंवर संधू समेत अन्‍य विधायकों का क्‍या रुख होगा। दूसरी ओर खैहरा और फूलका के इस्तीफे के बाद पंजाब विधानसभा में आप विधायकों की संख्या 18 रह जाएगी।

यह भी पढ़ें- पद से इस्‍तीफा देकर बोले AAP नेता, अब करूंगा वकालत

बताया जा रहा है कि इस्‍तीफे के साथ ही सुखपाल सिंह ने सीएम अरविंद केजरीवाल को एक पत्र भी लिखा था। जिसमें उन्‍होंने कहा है कि पार्टी ने उन्हें अपमानित किया। साथ ही पंजाब विधानसभा चुनाव में 100 सीटें जीतने का दावा करने वाली आप के 20 सीटों पर ही सिमटने पर भी खैहरा का कहना था कि पंजाब आप की कमान बाहरी व्यक्तियों को सौंपी गई, इसी कारण आप की हार हुई। इतनी बड़ी हार के बावजूद किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया गया। इतिहास गवाह है कि पंजाब ने कभी भी किसी बाहरी व्यक्ति को स्वीकार नहीं किया।

नई पार्टी के लिए दिया आप से इस्‍तीफा

कहा ये भी जा रहा है कि सुखपाल खैहरा आप से अलग होकर अलग राजनीतिक पार्टी बनाना चाहते हैं। पार्टी में रहते हुए खैहरा अपनी राजनीतिक पार्टी का गठन नहीं कर सकते थे, क्योंकि ऐसा करने से उनकी विधानसभा की सदस्यता पर खतरा पैदा हो जाता।

यह भी पढ़ें- ये हैं वो आठ निशानियां जो साबित करती हैं कि आप हो रहें बूढ़े