आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अमेठी के आरिफ के साथ दोस्ती के बाद चर्चा में आया सारस इन दिनों कानपुर के चिड़ियाघर में बंद है। काफी समय बाद आरिफ और सारस की कल ही मुलाकात भी हुई। जिससे मिलने के बाद पिंजरे में बंद सारस की खुशी देखने वाली थी। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही जिसने इसे देखा वो न सिर्फ भावुक हुआ बल्कि आरिफ और सारस की दोस्ती का कायल हो गया। वहीं अखिलेश यादव के बाद अब इस दोस्ती से प्रभावित हुए भाजपा सांसद वरुण गांधी ने योगी सरकार से आरिफ का दोस्त सारस लौटाने की मांग की है।
सांसद वरुण गांधी ने बुधवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ट्विटर कर कहा कि सारस और आरिफ की कहानी खास है। एक दूसरे को सामने पा कर इन दोनों दोस्तों की खुशी बता रही है कि इनका प्रेम कितना निश्छल और पवित्र है। यह खूबसूरत जीव स्वच्छंद आकाश में उड़ने के लिए बना है, पिंजरे में रहने के लिये नहीं। उसे उसका आसमान, उसकी आजादी और उसका मित्र वापिस लौटा दीजिए।
यह भी पढ़ें- आरिफ का दोस्त सारस छीनने से भड़के अखिलेश, बोले दाना खिलाने वाले से भी छीनो मोर
इसके साथ ही सांसद ने एक वीडियो भी ट्विट किया है। जिसमें पिंजरे में बंद सारस को दिखाया गया है। जो आरिफ को देख खुशी के कारण कभी कुदता है तो कभी उड़कर आरिफ के पास आने की कोशिश करता है। साथ ही अपने दोस्त को देख नाचने लगता है।
सारस और आरिफ की कहानी खास है!
एक दूसरे को सामने पा कर इन दोनों दोस्तों की ख़ुशी बता रही है कि इनका प्रेम कितना निश्छल और पवित्र है।
यह खूबसूरत जीव स्वच्छंद आकाश में उड़ने के लिए बना है, पिंजरे में रहने के लिये नहीं।
उसे उसका आसमान, उसकी आजादी और उसका मित्र वापिस लौटा दीजिए। pic.twitter.com/kwUCYn4q2Q
— Varun Gandhi (@varungandhi80) April 12, 2023