अब न्यूजीलैंड में आया तेज भूकंप, मची अफरा-तफरी

न्यूजीलैंड में भूकंप
फाइल फोटो।

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। इन दिनों रह-रहकर आ रहें भूकंप से लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं तुर्की और सीरिया में विनाशकारी भूकंप के बाद से कई दूसरे देशों में भी लगातार झटके महसूस किए जा रहे हैं। न्यूजीलैंड की धरती एक बार फिर भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया है। न्यूजीलैंड में शनिवार को भूकंप आने के बाद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.9 मापी गई है।

पीटीडब्ल्यूसी के मुताबिक 6.9 तीव्रता का भूकंप न्यूजीलैंड के सुदूर उत्तर में प्रशांत क्षेत्र में आया। सुनामी को फिलहाल कोई खतरा नहीं बताया गया है। भूकंप से जानमाल के नुकसान की कोई खबर नही है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को न्यूज़ीलैंड में केर्माडेक द्वीप क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए। यूरोपीय भूमध्य भूकंपीय केंद्र के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 6.6 मापी गई। भूकंप 183 किमी (113.71 मील) की गहराई पर था। अमेरिकी सुनामी वॉर्निंग सिस्टम ने कहा है कि भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी नहीं है।

इससे पहले पिछले महीने भी न्यूजीलैंड में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। न्यूजीलैंड में 15 फरवरी दोपहर को 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप की गतिविधियों को लेकर जानकारी देने वाली एजेंसी ईएमएससी ने बताया था कि न्यूजीलैंड में लोअर हट से करीब 78 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में भूकंप के झटके आए थे, हालांकि भूकंप से इस दौरान भी किसी जानमाल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई थी।

यह भी पढ़ें- अब इस राज्‍य में लगे भूकंप के झटके, रिक्टर पैमाने पर 3.8 रही तीव्रता

न्यूजीलैंड में पिछले महीने समुद्री तूफान “साइ‍क्‍लोन गेब्रियल” के वजह से काफी नुकसान हुआ था। साइ‍क्‍लोन के कारण कई इलाकों में तेज बारिश होने के बाद बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। बाढ़ की वजह से कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं हुईं थी। तेज हवाओं के चलते हजारों घरों की बिजली गुल हो गई थी। सैकड़ों उड़ाने रद्द कर दी गई थीं। हालत इतने खराब हो गए थे कि सरकार ने नेशनल इमरजेंसी की घोषणा कर दी थी।

यह भी पढ़ें- पापुआ न्यू गिनी में आया 6.5 तीव्रता का भूकंप, अफगानिस्तान में भी हिली धरती