अजय कुमार का दावा, आदित्‍यनाथ सरकार से लड़ सकतीं हैं सिर्फ प्रियंका गांधी, कांग्रेस बनाएगी यूपी में सरकार, महिलाएं निभाएंगी निर्णायक भूमिका

परीक्षा देने से वंचित

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। हाल के महीनों में लगातार काम कर कांग्रेस में नई जान फूंकने वाली प्रियंका गांधी ही सिर्फ आदित्‍यनाथ सरकार से लड़ सकती है। ऐसा दावा कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू ने किया है। अजय ने योगी सरकार को तानाशाह बताते हुए कहा है कि इससे लड़ने की ताकत विपक्ष के किसी अन्‍य नेता में नहीं है। साथ ही रविवार को अपने संगठन की बात करते हुए लल्‍लू ने कहा है कि इस बार यूपी में कांग्रेस तैयारियों के दम पर सरकार बनाएगी, जबकि भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने में महिलाएं निर्णायक भूमिका निभाएंगी।

प्रदेश अध्‍यक्ष ने आज अपने एक बयान में कहा है कि अब उत्तर प्रदेश को प्रियंका गांधी के रूप में एक नया नेतृत्व मिल चुका है जो जनता के मुद्दों और प्रदेश के विकास की बात कर रही है। 2022 में प्रदेश की जनता ने भाजपा को सफाई करने का मन बना लिया है। कांग्रेस पार्टी और प्रियंका गांधी ही अकेली एकमात्र ऐसे नेता हैं जो इस तानाशाह आदित्यनाथ सरकार से लड़ सकती है, बाकी किसी भी विपक्ष के नेता में हिम्मत नहीं।

हर विधानसभा में 40 से 50 हजार नए लोगों को कांग्रेस से जोड़ा

साथ ही उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस की प्रतिज्ञाओं और अपने प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की ताकत व नए सदस्यों और संगठन के दम पर इस बार यूपी में  पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रहे हैं। कांग्रेस की तैयारियों के बारे में बताते हुए लल्‍लू ने कहा कि हमने डेढ़ लाख व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से तीन करोड़ लोगों को जोड़ने का काम किया है और सदस्यता अभियान चलाकर यूपी की हर विधानसभा में 40 से 50 हजार नए लोगों को कांग्रेस से जोड़ा गया है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस की चुनाव आयोग से मांग, सरकारी खर्च से हो रही मोदी-योगी व उप मुख्‍यमंत्री की चुनावी रैलियों और असंवैधानिक भाषा पर लगाएं रोक
प्रियंका गांधी के नेतृत्व में हर मुद्दे पर विरोध का झंडा किया बुलंद

वहीं मीडिया को कांग्रेस की उपलब्धियां गिनाते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा है कि यूपी में चाहे दलित उत्पीड़न की घटनाएं हों या बेटियों पर अत्याचार का मामला, लखीमपुर में गृह मंत्री अजय कुमार टेनी के बेटे द्वारा किसानों को कुचल देने की घटना रही हो, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी के नेतृत्व में हर मुद्दे पर मुखर विरोध का झंडा बुलंद किया है। बेटियों के स्वाभिमान, सम्मान को लेकर “लड़की हूं, लड़ सकती हूं” का नारा और 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने का ऐलान महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इस बार प्रदेश की करीब छह करोड़ महिला आबादी भाजपा को उखाड़ फेंकने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

कांग्रेस के 18 हजार कार्यकर्ता जनता के मुद्दों पर लड़ते हुए गए जेल

लल्‍लू ने यह भी कहा कि प्रियंका गांधी के निर्देशन में कांग्रेस पांच साल जनता के बीच में रही है। सबसे ज्यादा हमने जनता के मुद्दों पर संघर्ष किया और चाहे कोरोना काल मे लोगों की मदद हो या नौजवानों की बेरोजगारी, पेपर लीक, किसानों पर अत्याचार और महिलाओं पर बढ़ते अपराध का मामला हो। हर जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया। यही वजह है कि कांग्रेस के 18 हजार कार्यकर्ता जनता के मुद्दों पर लड़ते हुए जेल गए।

बढ़ते करोना के बीच सबसे पहले प्रियंका गांधी ने कही वर्चुअल रैली-मीटिंग की बात

विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बारे में बताते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि करोना के बढ़ते केसों के बीच सबसे पहले प्रदेश कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी ने वर्चुअल रैली और मीटिंग करने की बात कही। उन्होंने अपने सभी प्रस्तावित कार्यक्रमों रैलियों को निरस्त करते हुए चुनाव आयोग से मांग की थी कि वर्चुअल स्तर पर रैली की जाए, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं सरकारी धन का दुरुपयोग करके अपनी रैलियों में भीड़ देखकर काफी खुश हो रहे थे।