अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, बच्‍चों को नहीं मिले स्‍वेटर, बाल्‍टी भर पानी में मिलाकर बांटा गया एक लीटर दूध

देश के हालात
अधिवक्ताओं को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। मोदी व योगी सरकार पर मंगलवार को निशाना साधते हुए सपा अध्‍यक्ष ने कहा है कि आज देश के हालात ठीक नहीं है। धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने का काम हो रहा है। असमानता बढ़ती जा रही है। संविधान पर संकट है, संस्थाओं पर भरोसा कम हो रहा है, उन पर नियंत्रण किया जा रहा है। सच को जानना भी अब आसान नहीं रहा।

सपा मुख्‍यालय पर अधिवक्‍ताओं को संबोधित करने के दौरान आज योगी सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार अपना काम नहीं कर रही है। सरकारी स्‍कूलों में बच्चों को स्वेटर नहीं मिले, मिड-डे मील में बाल्टी भर पानी में एक लीटर दूध मिलाकर बांटा गया। वहीं उन्‍होंने एक बेहद चर्चित घटना का जिक्र करते हुए कहा कि बच्चों को नमक व रोटी परोसी गई और इस खबर को छापने वाले पत्रकार को जेल भेजा दिया गया।

…यही तो एवीएम के बारे में भी चर्चा

सपा अध्‍यक्ष ने योगी सरकार द्वारा सपा सरकार में किए गए भ्रष्‍टाचार के दावों की बात करते हुए कहा कि योगी सरकार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की जांच की, कुछ नहीं मिला। क्राइम कंट्रोल के लिए यूपी डायल 100 शुरू किया था उसे 112 में बदल दिया। एक नंबर मिलाओ तो दूसरा मिलेगा, दूसरा मिलाओं तो पहला, यही तो एवीएम मशीन के बारे में भी चर्चा है।

यह भी पढ़ें- PGI कोतवाली बनी अखाड़ा, वकील-पुलिसकर्मियों में मारपीट, दो चौकी इंचार्ज समेत चार नामजद व अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज

वहीं मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबी हटाने का वादा किया था मगर गरीबी मिटी नहीं। कश्मीर में लोग घरों में कैद हैं। धारा 370 खत्म हो गई पर झारखण्ड के चुनाव में उसी पर चर्चा की गई।

मीडिया पर नियंत्रण, जो भाजपा सरकार…

पत्रकारों की भूमिका के बारे में अखिलेश ने कहा कि मीडिया पर नियंत्रण है, जो भाजपा सरकार दिखाना चाहती है, वहीं दिखाया जा रहा है। सरकार बेकारी का आंकड़ा नहीं बता रही है। जीडीपी जीरो है। विकास ठप्प है। पहले उद्योग डुबोए फिर उनको कर्ज भी दिया। रियल स्टेट बैठ गया है।

लोग डर रहे हैं, देश डर रहा

वहीं हाल ही में एक उद्योगपति द्वारा कही गई बातों का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि एक उद्योगपति ने सच बोला कि लोग डर रहे हैं, देश डर रहा है। इस हाल में जिसकी वजह से डर पैदा हुआ है, उसके जाने पर ही डर दूर होगा।

साल 2022 में जरूर दिखाई देगा परिवर्तन

इस दौरान वकीलों से समर्थन की अपेक्षा करते हुए यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि अधिवक्ताओं में ऊर्जा और जागरूकता हमेशा रहती है। उनका सहयोग मिले बिना सफलता नहीं मिलती है। जब वे तय कर लेंगे कि बदलाव लाना है तो साल 2022 में जरूर परिवर्तन दिखाई देगा। सपा सरकार के कार्यकाल में पहले भी उनके हित के तमाम फैसले हुए थे और फिर सरकार बनने पर उनको और ज्यादा सुविधाएं मुहैया कराएंगे।

कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने की और संचालन अधिवक्‍ता सभा के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट जगन्नाथ यादव ने किया।

यह भी पढ़ें- इलाहाबाद: वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्‍या, साथियों ने फूंकी बस, घटनास्‍थल के पास से गुजरे थे DGP

अपने संबोधन से पहले अखिलेश यादव ने 20 वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित किया। वहीं कई अधिवक्ताओं ने अखिलेश को स्मृति चिह्न भेंट किए। कार्यक्रम में दिनेश यादव ने बांसुरी वादन के साथ एक बांसुरी अखिलेश यादव को भी भेंट किया। वहीं डीआर मौर्य ने कविता पाठ किया।

यह भी पढ़ें- MHRD की रिपोर्ट पर बोलीं प्रियंका, भाजपा सरकार की नाक के नीचे हो रहा भ्रष्‍टाचार, प्रज्ञा के विवादित बयान पर भी PM से पूछा सवाल

इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्‍यक्ष माता प्रसाद पांडेय, सपा के वरिष्‍ठ नेता अहमद हसन, एसआरएस यादव, अरविंद कुमार सिंह,  राजपाल कश्यप, अंबरीष पुष्कर, मुन्ना सिंह यादव, सहजराम यादव, देवीबक्स सिंह, हाजी इस्लामुद्दीन, ममता सिंह, असलम जावेद सिद्दीकी, राम समुझ रावत, आइपी सिंह, राकेश यादव, विष्णु पांडेय के अलावा सैकड़ों वकील मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- अब केजरीवाल ने वकीलों को दिया बड़ा तोहफा, 50 करोड़ की होगी एडवोकेट वेलफेयर की स्कीम