अखिलेश ने कहा, यूपी के उपचुनाव के लिए एकजुट होकर लग जाएं कार्यकर्ता, BJP सरकार पर भी बोला हमला

अखिलेश यादव

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बुधवार को सपा के राज्य मुख्यालय पर  कार्यकर्ताओं से यूपी की 12 विधानसभा सीटों होने वाले उपचुनाव के लिए लग जाने को कहा है। अखिलेश ने आज कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर विधानसभा उपचुनावों में जीत की तैयारी में लग जाएं।

सपा अध्‍यक्ष उपचुनाव को बेहद गंभीरता से लेने की बात कार्यकर्ताओं से कहते हुए बोले कि भाजपा के एकाधिकार और अहंकार को तोड़ने के लिए हमें सभी सीटों पर जीतने का लक्ष्य रखना होगा।

अखिलेश ने आगे कहा कि भाजपा की कुनीतियों के कारण जनता तबाह-परेशान है। सत्ता का लगातार दुरूपयोग किया जा रहा है। किसान, गरीब, नौजवान और समाज के कमजोर वर्ग की सुरक्षा और सम्मानपूर्ण जीवन के लिए समाजवादी सरकार में सस्ते आवास, पेंशन, यूपी डायल 100 नं0 सेवा, महिला सुरक्षा के लिए 1090 सेवा, सस्ती चिकित्सा एवं मिडडे मील में पोषक आहार आदि की व्यवस्थाएं की थीं, उनका क्या हुआ?

देश की अर्थव्यवस्था को किया है बर्बाद

सबे के पूर्व सीएम ने भाजपा सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि भाजपा ने नोटबंदी, जीएसटी को लागू कर देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद किया है। देश में बेकारी बढ़ी है। उसकी स्टार्ट अप, मुद्रा लोन, मेक इन इण्डिया जैसी बहुप्रचारित योजनाएं विफल साबित हुई हैं। भाजपा ने देश को वर्षों पीछे कर दिया है। इसलिए भाजपा ने अब अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए आंकड़ों का मायाजाल बिछाने का काम शुरू कर दिया है।

यह भी पढ़ें- मायावती ने खुलकर किया उपचुनाव अकेले लड़ने का ऐलान, गठबंधन के लिए बताई शर्त, अखिलेश-डिंपल के लिए भी कही ये खास बातें

अखिलेश ने कहा कि देश को बहकाने के लिए जोरशोर से अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डालर तक पहुंचाने का दावा भाजपा द्वारा किया गया है। यह देश के गरीबों, मजदूरों, कम आय वाले कारोबारियों तथा कारीगरों को धोखा देने के अलावा कुछ और नहीं है। यदि विगत पांच वर्ष में बुनियादी ढांचे को विकसित किया गया होता तो आर्थिक स्थिति में डालर के मुकाबले रूपया मजबूत होता। जब प्रति व्यक्ति आय और जीडीपी में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही है तो विकास के झूठे आंकड़े पेश करने से क्या होगा?