घोसी में मिली हार के बाद अरुण राजभर का सपा पर गंभीर आरोप, पैसों के दम पर लूटा दलितों का वोट

सपा पर गंभीर आरोप
अरुण राजभर। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को मिली करारी हार के बाद एनडीए गठबंधन के साथी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता अरुण राजभर ने समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाया है। सुभासपा नेता ने कहा कि पैसों के दम पर दलितों का वोट लूटा गया है। साथ ही दावा किया है कि सुभासपा ने बहुत काम किया, लेकिन घोसी उपचुनाव में किसी का जादू नहीं चला। जो कमियां हुई हैं उनकी समीक्षा करेंगे।

अरुण ने आज कहा कि बसपा के चुनाव नहीं लड़ने से सपा को फायदा हुआ। वहीं, सपा कार्यालय पर लगी, राजभर को दगी कारतूस बताने वाली होर्डिंग पर अरुण राजभर ने निशाना साधते हुए कहा कि यह सपा का घमंड बोल रहा है। इस दौरान अरुण राजभर ने कहा कि अब, जब उपचुनाव में जीत मिल गई है तो ईवीएम सही है, प्रशासन भी सही है।

वहीं, अपनी पार्टी की कमियों के बारे में बताते हुए अरुण राजभर ने कहा कि हम जनता तक बात पहुंचाने में सफल नहीं रहे। जनादेश के बाद हम अपनी हार स्वीकार कर रहे हैं। घोसी में मिली हार के बाद सुभासपा नेता का यह पहला बयान है। घोसी में प्रचार के दौरान अरुण राजभर लगातार सपा व अखिलेश यादव पर निशाना साधते रहे थे। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर राजभर का कहना है कि हम लोग 2024 के चुनाव में मजबूती के साथ वापसी करेंगे।

यह भी पढ़ें- #BypollResults2023: यूपी की घोसी सीट पर सपा ने मारी बाजी, भाजपा के दारा सिंह चौहान को मिली करारी हार, अन्‍य छह सीटों का भी जानें हाल

दरअसल चुनाव परिणाम आने के बाद सपा कार्यकर्ता उत्साहित हैं और ऐसा लग रहा है कि लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उन्हें जरूरी आत्मविश्वास मिल गया है। इस बीच जीत से उत्‍साहित सपाईयों ने राजभर को लेकर लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर एक होर्डिंग लगाई गई है। जिसमें उन्हें दगा हुआ कारतूस बताया गया है। ऐसा लिखकर सभी राजनीतिक दलों के लिए चेतावनी भी दी गई है। सभी दल सावधान… ओम प्रकाश राजभर दगे हुए कारतूस हैं। बताया जा रहा है कि होर्डिंग सपा कार्यकर्ता आशुतोष सिंह द्वारा लगाई गई है।

गौरतलब है कि मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को 42,672 वोटों से हराया है। लगभग एकतरफा मुकाबले में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने 1,24,427 मत पाकर भाजपा के दारा सिंह चौहान को 42,759 मतों से हराया। दारा सिंह चौहान को 81,668 मत मिले। तीसरे नंबर पर पीस पार्टी के सनाउल्लाह को 2,570 मत मिले। रिकॉर्ड जीत दर्ज करने वाले सपा के सुधाकर तीसरी बार विधायक बने हैं।

यह भी पढ़ें- घोसी में मिली जीत को अखिलेश ने बताया भाजपा की तोड़फोड़ व समाज बांटने वाली नकारात्मक राजनीति की मुंहतोड़ हार