हाथरस हैवानियत के विरोध में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के सामने कूड़ा डालकर किया प्रदर्शन, गिरफ्तार

भीम आर्मी
प्रदर्शन करते कार्यकर्ता को पकड़ती पुलिस।

आरयू संवाददाता, लखनऊ। हाथरस हैवानियत और बलरामपुर कांड को लेकर प्रदेश भर में आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित विधानसभा के सामने भीम आर्मी के लखनऊ जिलाध्यक्ष अनिकेश और पार्टी के कार्यकर्ता अरविंद ने कूड़ा डालकर प्रदर्शन किया।

आज दोनों विधानभवन के सामने दो दोपहिया वाहन पर कूड़े से भरी बोरियां लेकर पहुंचे और नारेबजी करने लगे। प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर मौजूद हजरतगंज थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हिरासत में लिए गए भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार बहन-बेटियों की आबरू लूटी जा रही है, लेकिन सरकार खामोश बैठी हुई है। क्यों नहीं सरकार हाथरस की बेटी को न्याय देती है। आखिर क्यों नहीं हाथरस की बेटी के दोषियों को फांसी की सजा दी जा रही है।

आपको बता दें कि कल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कर कहा था कि महिलाओं के सम्मान को क्षति पहुंचाने वालों का समूल नाश निश्चित है। लेकिन उसके बावजूद भी भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं का कहना था कि अभी तक हाथरस की बेटी के दोषियों को कोई भी सख्त से सख्त सजा नहीं दी गई है। जिसके चलते आज भीम आर्मी ने विधानसभा के सामने कूड़ा डालकर विरोध प्रदर्शन किया है।

यह भी पढ़ें- वाराणसी पहुंची स्‍मृति ईरानी के काफिले को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोका, हाथरस कांड पर मांगा इस्‍तीफा

इंस्पेक्टर हजरतगंज अंजनी कुमार पांडेय ने बताया कि प्रदर्शन में सिर्फ दो ही लोग शामिल थे, जिन्हें तुरंत पकड़ लिया गया था। 151 धारा के तहत दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गौरतलब है कि हाथरस गैंगरेप के बाद पीड़िता कि मौत और पुलिस द्वारा जबरन अंतिम संस्‍कार करने के बाद से प्रदेश भर में लोगों का आक्रोष थमने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं दूसरी ओर रजनीतिक पार्टियों ने घटना के विरोध में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया है।

यह भी पढ़ें- पुलिस ने रोका, तो हाथरस पीड़िता के परिवार से मिलने पैदल ही चल पड़ें राहुल गांधी व प्रियंका,धक्‍का-मुक्‍की, लाठीचार्ज