प्रियंका ने उठाएं सवाल, कहा भाजपा से है चिन्‍मयानंद का संबंध इसलिए सुस्‍त है यूपी की पुलिस

सांठगांठ
प्रियंका गांधी। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्‍वामी चिन्मयानंद पर छात्रा द्वारा लगाए गए बलात्‍कार व धमकी के आरोपों के मामले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर सवाल उठाएं हैं। प्रियंका ने शुक्रवार को चिन्‍मयानंद के संबंध में बीबीसी की एक खबर को पोस्‍ट करते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपनी हरकतों से साफ कर दिया है कि उसका महिला सुरक्षा से कोई वास्ता नहीं।

कांग्रेस महासचिव ने आज अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और यूपी पुलिस पर सवाल खड़े किए हैं। प्रियंका गांधी ने सवाल किया है कि यूपी पुलिस क्या इसलिए इस मामले में सुस्त है, क्योंकि आरोपी का संबंध भाजपा से है?

प्रियंका गांधी ने खबर शेयर कर करते हुए ट्वीट किया और लिखा- उप्र की भाजपा सरकार ने अपनी हरकतों से साफ कर दिया है कि उसका महिला सुरक्षा से कोई वास्ता नहीं। आखिर क्यों शिकायतकर्ता लड़की को दोबारा प्रेस के सामने सुरक्षा की गुहार लगानी पड़ रही है?

यह भी पढ़ें- बलात्‍कारियों की चमड़ी उधेड़कर उस पर रगड़ना चाहिए नमक-मिर्च: उमा भारती

वहीं इससे पहले भाजपा के पूर्व सांसद स्‍वामी चिन्मयानंद के खिलाफ बलात्कार का आरोप लगाने वाली छात्रा के मीडिया के सामने आने के बाद कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र एवं उत्तर प्रदेश की सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि ‘अपराधियों से प्रेम और संलिप्तता भाजपा के डीएनए शमिल हो चुका है। पार्टी प्रवक्ता रागिनी नायक ने यह सवाल भी किया कि लड़की के बार-बार गुहार लगाने के बावजूद चिन्मयांनद से पूछताछ और उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं की गई?

यह भी पढ़ें- स्‍वामी चिन्‍मयानंद से SIT ने की सात घंटें पूछताछ, आश्रम का कमरा भी किया सील

वहीं आज से पहले गुरुवार को भी एक ट्वीट कर प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने ट्वीट में लिखा, पत्रकार केवल आंख पर पट्टी बांध कर वाहवाही के लिए नहीं होते। उनका काम होता है जनता के मुद्दों पर खबरें बनाना और सरकार से जवाब लेना लेकिन यूपी भाजपा सरकार ऐसे पत्रकारों पर लगातार हमला बोल रही है। क्या भाजपा को आम जनता के मुद्दों का डर सता रहा है?

यह भी पढ़ें- उन्नाव रेप: CBI ने कोर्ट को बताया, पीड़िता के आरोप बिल्कुल सही, साजिश कर कुलदीप सेंगर ने किया था रेप