CAA-NRC के विरोध में कांग्रेस के सत्याग्रह पर प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी को शुक्रिया कह, जताई एक उम्‍मीद

जन सुराज

आरयू वेब टीम। चुनावी रणनीत बनाने में माहिर माने जाने वाले व जेडीयू के उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने पर  कांग्रेस नेता राहुल गांधी को शुक्रिया कहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि आप कांग्रेस को इसके लिए सहमत करेंगे कि कांग्रेस शासित राज्य एनआरसी लागू नहीं करने का ऐलान करेंगे।

प्रशांत किशोर ने आज ट्वीट कर कहा कि सीएए और एनआरसी के खिलाफ आंदोलन में शामिल होने के लिए शुक्रिया राहुल गांधी, लेकिन आप जानते हैं कि जन आंदोलन के आलावा हमें ऐसे राज्यों की जरूरत है, जो कि एनआरसी को रोकने के लिए उसे ‘नो’ कह सकें। उन्‍होंने आगे कहा कि हमें उम्मीद है कि आप कांग्रेस पार्टी को सहमत करेंगे कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वे आधिकारिक तौर पर एनआरसी लागू नहीं करने का ऐलान करेंगे।’

गौरतलब है कि प्रशांत किशोर नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के खिलाफ खुलकर आवाज उठाते रहे हैं। प्रशांत किशोर ने सीएए और एनआरसी को देश के संविधान के खिलाफ बताया है। वहीं एनआरसी को लेकर प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री और नीतीश कुमार से भी बात की थी, जिसके बाद नीतीश कुमार ने ऐलान किया था कि बिहार में एनआरसी लागू नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें- CAA के खिलाफ इंडिया गेट पर छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुईं प्रियंका, कहा जनता को नोटबंदी की तरह लाइनों में लगाना चाहती है सरकार

बता दें, सोमवार को महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पर कांग्रेस के सत्याग्रह में राहुल गांधी ने यह आरोप भी लगाया कि देश की उन्नति को नष्ट करने का जो काम भारत के दुश्मन भी नहीं कर पाए उस काम को करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी पूरी ताकत लगा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘देश एक आवाज होता है और आज हमने जो संविधान की प्रस्तावना पढ़ी है वो हिंदुस्तान की जनता की आवाज थी। इस आवाज ने अंग्रेजों को भारत से भगाया। प्यार और शांति से यह किया। उसी आवाज ने हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था को खड़ा किया और करोड़ों युवाओं को रोजगार दिया। इस आवाज के बिना हिंदुस्तान नहीं रह सकता।’

साथ ही राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि देश के दुश्मनों ने कोशिश की कि इस आवाज को दबाया जाए, देश की उन्नति को नष्ट किया जाए और देश की अर्थव्यवस्था को भी नष्ट किया जाए। जनता ने लड़ाई लड़ी और दुश्मनों को रोका।

यह भी पढ़ें- यूपी में CAA के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन के बाद लखनऊ, गाजियाबाद व बरेली में रोकी गई इंटरनेट व SMS सेवा

राहुल ने यह भी कहा था कि नरेंद्र मोदी आप कांग्रेस पार्टी से नहीं लड़ रहे हैं, आप देश की आवाज के खिलाफ खड़े हो गए हैं। मैं आपको और आपके मित्र अमित शाह को बताना चाहता हूं कि यह आवाज भारत माता की आवाज है। अगर आप इस भारत माता की आवाज को दबाने की कोशिश करेंगे तो भारत माता आपको जवाब देने जा रही है।