गोरखपुर की महारैली में अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, अस्पतालों में नहीं मिल रहा गरीबों को इलाज

गोरखुपर में अखिलेश
महारैली में योगी सरकार पर हमला बोलते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव संगठन को धार देने में जुटे हैं। शनिवार को सपा प्रमुख मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ माने जाने वाले गोरखपुर पहुंचे। गोरखपुर में योगी सरकार पर निशाना साधने के साथ एक बार फिर उन्होंने इंडिया गठबंधन छोड़ पीडीए का राग अलापा। कर्पूरी ठाकुर सामाजिक न्याय महारैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने पीडीए से हर वर्ग को जोड़ने की बात कही।

अखिलेश ने कहा कि पीडीए जनता का है। सपा प्रमुख ने सूबे में स्वास्थ्य व्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि अस्पतालों में गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है। भाजपा के शासनकाल में एक भी जिला अस्पताल का निर्माण नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि बड़े भरोसे और उम्मीद के साथ एम्स गोरखपुर बना था, लेकिन इलाज की सुविधा आधी अधूरी अभी तक लोगों को मिल रही है।

यह भी पढ़ें- राज्य कार्यकारिणी बैठक में अखिलेश की नसीहत, गुटबाजी से दूर रहें कार्यकर्ता, वोटर लिस्‍ट पर दें ध्‍यान

सपा सुप्रीमो ने कहा कि नौकरी नहीं मिलने की वजह से विश्‍वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्र पढ़ने नहीं जा रहे हैं। प्राथमिक स्कूलों में भी दस हजार बच्चों ने दाखिला नहीं लिया। बिजली महंगी और सड़कों की हालत खराब है। सपा मुखिया ने बीजेपी में भेदभाव का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर सामाजिक न्याय महारैली जैसे कार्यक्रम आयोजित करने से बहुजन समाज जागरूक होगा। अखिलेश यादव ने कहा, “हमारे नाई समाज के लोगों ने लिखा है, नारे लगाए हैं। मैं देख रहा हूं कि गर्व से कहो हम नाई हैं। हमारे समाजवादी साथी इनको जोड़ते हुए कहेंगे गर्व है कि हमारे ये भाई हैं।

यह भी पढ़ें- चुनाव आते ही भाजपा को आने लगी जनता की याद: अखिलेश यादव