कांग्रेस को लखनऊ में मजबूत करने को नेताओं ने किया मंथन, प्रदेश अध्‍यक्ष ने दिया रोज पांच सदस्‍य जोड़ने का मंत्र

लखनऊ में कांग्रेस
बैठक को संबोधित करते अजय राय साथ में अन्‍य नेता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। अगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में राजनीतिक पार्टियां जुट गयी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को लखनऊ में कांग्रेस को और मजबूत करने के लिए कांग्रेस के प्रदेश मुख्‍यालय पर पार्टी के नेताओं ने बैठक कर मंथन किया। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय राय ने पदाधिकारियों से कहा कि रोज पांच नए लोगों को कांग्रेस से जोड़े जिससे कांग्रेस धरातल पर और मजबूत होगी।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता मनीष हिंदवी ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य लखनऊ में कांग्रेस संगठन को किस प्रकार और अधिक मजबूत किया जाये इस पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनी गई व निवारण के आश्वासन के साथ ही उनके संगठन को मजबूत करने की दिशा में दिये गये सुझावों को भी गंभीरतापूर्वक सुना गया। बैठक का संचालन लखनऊ जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय बहादुर ने किया।

इस मौके पर अजय राय ने कहा कि संगठन अपनत्व की भावना से चलता है। हर नेता को चाहिए कि वह प्रत्येक कार्यकर्ता से अपनत्व का भाव रखे उसके हर सुख-दुख में खड़ा हो तभी संगठन पर उसका विश्वास कायम रहेगा। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल से लोगों को जोड़कर संगठन की बैठकें आयोजित की जाये हर मोहल्ले, हर ग्रामसभा, हर ब्लाक तक बैठक कर आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्या सुन निवारण कराएं।

विषम परिस्थितियों में भी पार्टी के साथ खड़ा रहा कार्यकर्ता

बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रभारी प्रशासन दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि हमारा कार्यकर्ता वंदनीय है, क्योंकि वह विषम परिस्थितियों में भी पार्टी के साथ खड़ा रहा है। आज हमें फिर एकबार एकजुट होकर सड़क पर उतरने की आवश्यकता है, क्योंकि 2024 की लड़ाई हम आपके साहस, संकल्प और अथक प्रयास से ही जीतेंगे।

भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने में कामयाब हो सके

लखनऊ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी ने बैठक में आए  नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी ने समय-समय पर अपनी ताकत देकर लखनऊ के कार्यक्रमों को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है मैं इसके लिए आप सभी को धन्यवाद देता हूं। आज फिर लोकसभा चुनाव एक चुनौती के रूप में हमारे सामने है और हमें एकजुटता के साथ कांग्रेस को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है ताकि हम देश से भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने में कामयाब हो सके।

यह भी पढ़ें- जन आक्रोश रैली में बोलीं प्रियंका, जो भी अधिकार कांग्रेस ने जनता को दिए, भाजपा ने उसे छीना, चुनाव में लाते हैं भावनात्‍मक मुद्दे

बैठक में पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, इन्दल रावत, सीपी राय, उमा शंकर पाण्डेय, मुकेश सिंह चौहान, रमेश मिश्रा, अनीस अंसारी, पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, नरेन्द्र दत्त त्रिपाठी, सुभाष मिश्र, बृजेन्द्र सिंह, नरेश वाल्मीकि, आशुतोष मिश्रा, अंशू त्रिपाठी, सिद्धी श्री, जितेन्द्र वर्मा, परवेज मंसूरी, अंकित सक्सेना, मेराज वली खान रूद्र दमन सिंह समेत कांग्रेस के अन्‍य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।