जीत पर बोले अखिलेश, फूलपुर में मुरझा गया कमल, गोरखपुर में टूटा घमंड

मुरझा गया कमल
सपा मुख्यालय पर प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव व अन्य।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। उपचुनाव में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या की सीट पर साइकिल दौड़ाने वाले अखिलेश यादव ने आज प्रेस कांफ्रेंस कर योगी सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी मुख्‍यालय पर प्रेसवार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि कई ऐसी योजनाएं हैं जिस पर काम नहीं हुआ। एम्स के लिए जमीन मिली, लेकिन पैसा नहीं मिला, फूलपुर में मिली जीत से साफ है कि वहां कमल मुरझा गया।

वहीं योगी आ‍दित्‍यनाथ की ओर निशाना साधते हुए अखिलेश बोले कि गोरखपुर में भी सपा की जीत से लोगों का घमंड टूटा है। उम्‍मीद है कि अब भाषा भी बदलेगी। इवीएम की बात करते हुए अखिलेश बोले की अगर ईवीएम ने सही से काम किया होता तो सपा और ज्‍यादा वोटों से जीतती।

यह भी पढ़ें- सपा ने जीता गोरखपुर व फूलपुर, योगी-केशव के किले पर अखिलेश-मायावती का लहराया परचम

वहीं अपने उम्मीदवारों का परिचय कराते हुए उनकी पढ़ाई और उपलब्धियों का जिक्र किया। अखिलेश ने कहा पिता अपने बेटों में खुद को देखता है। जीते प्रवीण कुमार निशाद इंजीनियर हैं। यह नट बोल्‍ट ठीक करने वाले इंजीनियर है। पूर्व मुख्‍यमंत्री ने आगे कहा कि अगर गाड़ी का ईंजन देखेंगे तो पाएंगे कि पिस्टन ऊपर नीचे चलती है। इन्‍होंने पिस्टन को पहिए में बदला है। गोरखपुर में इन्होंने यही किया है।

जीत के लिए अखिलेश ने सभी को शुभकामनाएं दी। कार्यकर्ताओं को जीत का श्रेय दिया। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं को कहा कि इस बार आपने काम किया। आपको अपनी पीढ़ी बदलनी है और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बेहतर करना है।

वहीं मायावती से रिश्‍तों के बारे में बात करते हुए सपा अध्‍यक्ष बोले कि हम समाजवादी सबका सम्मान करते हैं और हमारे रिश्ते कभी खराब नहीं रहे। मायावती से मुलाकात पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग पुरानी बातें याद करा रहे थे, लेकिन कभी-कभी पुरानी बातें भूलनी पड़ती है। हमारे संबंध सबके साथ बेहतर हैं।

यह भी पढ़ें- बोले केशव मौर्या, नहीं थी उम्‍मीद इस तरह से बसपा के वोट सपा को होंगे ट्रांसफर

अखिलेश ने कांग्रेस से भी बेहतर रिश्ते होने की बात कही। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि हम दोनों युवा नेता हैं और हमें साथ मिलकर देश के लिए काम करना है। अखिलेश यादव ने जीत के लिए दलित-पिछड़ा गठजोड़ को जिम्मेदार बताया और अमर सिंह पर भी पूछे गये सवाल का जवाब दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि अमर सिंह हमारे अंकल हैं और हम उनके भतीजे हैं, चाचा भतीजे को जानता है और भतीजा चाचा को।

उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार ने उदाहरण पेश किया है कि विकास का क्या रास्ता है। आगरा-लखनऊ सड़क देश के लिए उदाहरण है। मेडिकल कॉलेज के लिए लखनऊ उदाहरण है। मेट्रो के लिए लखनऊ में जो मेट्रो बनी है उदाहरण है। इसी तरह कई ऐसे उदाहरण हैं।

यह भी पढ़ें- योगी ने अति आत्‍मविश्‍वास को बताया उपचुनाव में हार की वजह, जानें प्रदेश अध्‍यक्ष क्‍या बोलें