लिफ्ट में फंसे केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर

कौशल किशोर
समर्थकों के साथ दारुलसफा में जाते कौशल किशोर। (फोटो आरयू)

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को अधिकारियों में उस समय हड़कंप मच गया जब केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर लिफ्ट में फंस गए। दरअसल केंद्रीय मंत्री दारुलसफा में एक प्रेसवार्ता करने आए थे। प्रेसवार्ता कमरा नंबर 111 बी में होनी थी। जिसके लिए मंत्री कौशल किशोर को दूसरी मंजिल पर जाना था। इस दौरान लिफ्ट में फंस गए काफी देर की मशक्‍कत के बाद उन्‍हें निकाला जा सका।

वहीं अपने मंत्री को लिफ्ट में फंसा देख कौशल किशोर के समर्थकों में हड़कंप मच गया, आनन-फानन में व्यवस्था अधिकारी को बुलाया गया, जिसके बाद काफी मुश्किल के बाद लिफ्ट खुली। इस दौरान करीब 15 मिनट तक केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर लिफ्ट में फंसे रहे। इस सम्बन्ध में दारुलसफा के व्यवस्था अधिकारी अवनीश राठौर ने बताया कि लिफ्ट  खराब नहीं हुई थी। जल्दबाजी में बटन दबाते समय लिफ्ट फंस गई थी। उन्‍होंने बताया कि लिफ्ट फंसने के कारण 15 मिनट तक मंत्री जी अंदर फंस गए थे।

यह भी पढ़ें- BJP सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने आमागढ़ किले पर फहराया झंडा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

वहीं लिफ्ट ऑपरेटर राम कृपाल यादव व राजेश कुमार (आउटसोर्सिंग) कर्मचारी ड्यूटी पर थे। उनका कहना है कि एक माह पहले ही लिफ्ट की सर्विस हुई थी। इसकी जिम्‍मेदारी पीडब्ल्यूडी के विद्युत विभाग की होती है। घटना के बाद व्यवस्था अधिकारी और लिफ्टमैन ने मौके पर पहुंचकर लिफ्ट का जायज़ा लिया और पाया कि अचानक पावरकट हो जाने के चलते लिफ्ट अचानक रुक गयी।

बता दें कि कौशल किशोर उत्तर प्रदेश के मोहनलाल गंज से लोकसभा सांसद हैं। इसी के साथ वह परख महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी के एससी विंग के अध्यक्ष हैं। कौशल किशोर एक प्रभावी लीडर माने जाते हैं। साथ ही, सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर वे काफी सक्रिय रहते हैं। इसके लिए वह देश भर में पहचाने जाते हैं।

यह भी पढ़ें- केशव मौर्या का दावा, BJP नहीं टूटने दे रही जनता का भरोसा, 2022 में भी मिलेगा समर्थन