लखनऊ पहुंचीं NDA की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू, CM योगी समेत भाजपा नेताओं ने किया स्वागत

लखनऊ में द्रौपदी मुर्म

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 18 जुलाई को होने वाले चुनाव के लिए समर्थन मांगने शुक्रवार को लखनऊ पहुंचीं। जहां अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया।

मिली जानकारी के अनुसार उनका स्वागत करने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या एयरपोर्ट पहुंचे। इनके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं ने भी गुलदस्ता और फूल मालाओं के साथ द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति चुनाव के लिए द्रौपदी मुर्मू ने भरा नामांकन, PM मोदी बने प्रस्तावक

इस दौरान एनडीए के सहयोगी अपना दल (एस) के कार्यकारी अध्यक्ष और योगी सरकार के मंत्री आशीष सिंह पटेल और निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) के अध्यक्ष और मंत्री डॉ. संजय निषाद भी मौजूद रहे।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने बताया कि द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार की शाम लोकभवन (मुख्यमंत्री कार्यालय) के सभागार में भाजपा और सहयोगी दलों के सांसदों, विधायकों के साथ आयोजित बैठक में शामिल हुईं। साथ ही राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी के रूप में अपने समर्थन के लिए संपर्क और संवाद किया।

यह भी पढ़ें- भाजपा ने हमसे पहले बात की होती तो करते द्रौपदी मुर्मू का समर्थन: ममता बनर्जी