मतदान कर अखिलेश ने साधा योगी सरकार पर निशाना, कहा वोट न पड़ने के अपनाए जा रहे सभी हथकंडे

वोट न पड़ने के हथकंडे

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मैनपुरी। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी वोट डालने सैफई पहुंचे। सपा प्रमुख ने अभिनव विद्यालय में मतदान केंद्र पर वोट डाला। अखिलेश ने मतदान के बाद मीडिया से बात की। बातचीत में सपा मौखिया ने प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोलने के साथ ही कई आरोप लगाए हैं। साथ ही पुलिस पर मतदान को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया।

अखिलेश ने प्रेसवार्ता कर योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस दिन से चुनाव शुरू हुआ है प्रशासन किसके आदेश पर काम कर रहा है। फिल्मी अंदाज में नॉमिनेशन के दिन गाड़ियां रोकी गईं। पुलिस को कहा गया कि सपा को वोट ना पड़ने दिया जाए। वोट ना पड़ने के सभी हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।

साथ ही कहा कि पुलिस हर चौराहे पर बड़ी संख्या में खड़ी है और सभाओं में लोगों को न आने देने के लिए लगी है। लोकतंत्र कैसे बचेगा, बाहर की फोर्स को प्रशासन गाइड करता है। आप क्या उम्मीद करोगे। रामपुर में वोट नहीं डालने दिया जा रहा है। पुलिस चुनाव आयोग की गाइडलाइन के खिलाफ काम कर रही है। लोगों को वापस किया जा रहा है, ताकि वे वोट ना दे पाएं, इसलिए रामपुर में पुलिस पिटाई कर रही है।

सपा मुखिया ने कहा कि आज का मतदान नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि है। जिस दिन से चुनाव शुरू हुआ है उस दिन से ही गड़बड़ी हो रही है। नामांकन के दिन गाड़ी रोकने के लिए पुलिस लगाई गई, ना केवल मैनपुरी बल्कि रामपुर के लिए भी। जब मैं रामपुर गया तो वहां हर जगह पुलिस लगी थी ताकि लोग सभा में न जाएं। इतना ही नहीं सपा कार्यकर्ताओ को नाम पता पूछकर प्रताड़ित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का योगी पर पलटवार, जिसने खुद नहीं पढ़ी फिजिक्स, हम लोगों को सिखा रहे पेंडुलम

सपा सुप्रीमो ने कहा कि सुबह से शिकायत की जा रही है। मैनपुरी, करहल में शिकायत हो रही है। यहां बिजली, पानी, पुल सबकुछ नेताजी ने बनाया है। मैनपुरी में उधार का प्रत्याशी लाया गया है। नेताजी ने जो सिद्धांत दिया उसका असर है कि भाजपा घबराई हुई है। बड़े अधिकारी मॉनिटर कर रहे हैं। बाहर से जो फोर्स आ रही है उनको सपा के कार्यकर्ताओं के खिलाफ ब्रीफिंग है। डीएम अपना फोन चपरासी को पकड़ाकर जा रहे हैं। लखनऊ से मॉनिटरिंग कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें- बोले आजम खान, भाजपा प्रत्याशी को चुनाव आयोग कर दे विजेता घोषित, वोटरों को धमका रही पुलिस, मेरा पास है सबूत