MLC चुनाव में सपा की करारी हार के बाद बोले अखिलेश, भाजपा ने किया लोकतंत्र कुचलने का काम

अखिलेश यादव
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी विधानसभा के बाद विधान परिषद चुनाव में मिली करारी हार के बाद मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला है। अखिलेश ने कहा कि स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा की मनमानी और धांधली की सभी हदें पार हो गई। भाजपा ने लोकतंत्र को कुचलने का काम किया है। इसके लिए भाजपा को इतिहास कभी माफ नहीं करेगा।

अखिलेश ने कहा कि दूसरों को जातिवादी बताने वाली भाजपा की ये सच्चाई है कि एमएलसी चुनाव की 36 सीटों में से कुल 18 पर मुख्यमंत्री के स्वजातीय जीते हैं। एससी-एसटी, ओबीसी को दरकिनार कर ये कैसा ‘सबका साथ, सबका विकास‘ ? सामाजिक न्याय को लोकतंत्र के जरिए मजबूत करने की लड़ाई समाजवादी लड़ते रहेंगे।

सपा सुप्रीमो ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को संविधान, लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनावों की प्रक्रिया में जरा भी विश्वास नहीं है। वह धन-बल और छल से येन-केन-प्रकारेण सत्ता में बने रहने के लिए संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के साथ ही लोकतंत्र की सभी मर्यादाओं को भी तार-तार करने में लगी है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का बड़ा आरोप, UP MLC चुनाव में भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार ने तोड़े सत्ता दुरुपयोग के सारे रिकॉर्ड

भाजपा ने पंचायत चुनावों के बाद, विधानसभा चुनाव 2022 और अब स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव में भाजपा ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं को कुचलने का ही काम किया है। अखिलेश ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी ने पहले ही भाजपा की साजिशों के बारे में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर सचेत कर दिया था कि भाजपा एमएलसी चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। यह लोकतंत्र और संविधान दोनो का संक्रमण काल है।

यह भी पढ़ें- पहली बार यूपी विधान परिषद में भाजपा को बहुमत, सपा का नहीं खुला खाता