दिल्ली दंगे को संजय राउत ने बताया प्रायोजित, कहा, राजनीतिक फायदे के लिए खराब किया जा रहा देश का माहौल, PM इस पर करें मन की बात

संजय राउत
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। देश की राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हनुमान जयंती पर हुए दंगों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। शिवसेना के नेता संजय राउत ने इसे लेकर भाजपा की केंद्र सरकार पर निशाना साधा, और प्रधानमंत्री से सामने आकर मन की बात बोलने को कहा है।

शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, ‘देश की हालत और माहौल राजनीतिक फायदे के लिए खराब किए जा रहे हैं। यह देश के लिए ठीक नहीं है। इससे पहले कभी भी राम नवमी और हनुमान जयंती के जुलूस पर हमला नहीं हुआ है। जुलूस निकालना लोगों का हक है। यह हमले प्रायोजित हैं, राजनीतिक फायदे के लिए ऐसा किया जा रहा है।’

संजय राउत यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि, ‘जनता को भटकाने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक नहीं चलेगा, राम मंदिर भी नहीं चलेगा। इस समय देश में शांति भंग करने का काम चल रहा है। कल महाराष्ट्र में भी शांति भंग करने की कोशिश की गई है। हालांकि महाराष्ट्र में ऐसा करने वालों को सफलता नहीं मिली।’

यह भी पढ़ें- उप राष्ट्रपति को लेटर लिख संजय राउत ने भाजपा पर लगाया आरोप, कहा “ठाकरे सरकार नहीं गिराई तो जांच एजेंसियां कर रही परेशान”

संजय राउत ने इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘देश में माहौल बिगड़ रहा है। इसे लेकर देश के 13 दलों ने चिंता जाहिर की है, लेकिन प्रधानमंत्री इस पर मौन हैं। उन्होंने अभी तक इस पर कुछ भी नहीं कहा है। देश के प्रधानमंत्री को भी इस पर कुछ बोलना चाहिए। उन्हें सामने आकर इस पर भी मन की बात बोलनी चाहिए।

बता दें कि रामनवमी पर कई राज्यों में हुए बवाल की आग शनिवार को दिल्ली भी पहुंच गई। हनुमान जयंती के मौके पर दिल्ली के जहांगीरपुरी में निकाली जा रही शोभा यात्रा पर कुछ शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। इसके बाद हालात बिगड़ गए। दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आकर पथराव करने लगे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली दंगे पर हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी, इसे दिया गया सुनियोजित तरीके से अंजाम