DIG कानपुर समेत छह सीनियर IPS अधिकारियों का तबादला, हरीश चन्‍दर संभालेंगे भ्रष्‍टाचार निवारण की कमान

आइपीएस अफसर

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में पुलिस विभाग में तबादलों का दौर जारी है। इसी क्रम में डीजीपी मुख्यालय ने शुक्रवार को छह आइपीएस अफसरों का ट्रांसफर कर दिया, जिनमें एक आईजी और पांच डीआइजी शामिल हैं। जिसके तहत 2007 बैच के आइपीएस अधिकारी रवि शंकर छवि को पुलिस महानिरीक्षक लोक शिकायत मुख्यालय पुलिस महानिदेशक लखनऊ बनाया गया है। रवि शंकर मौजूदा समय में पुलिस महानिरीक्षक प्रतीक्षारत मुख्यालय पुलिस महानिदेशक के पद पर तैनात थे।

यह भी पढ़ें- यूपी में 27 IPS अफसरों का तबादला, रामपुर-मऊ व चंदौली समेत 13 जिलों के बदले कप्तान

वहीं जारी लिस्ट के मुताबिक आइपीएस अधिकारी हरीश चंदर को पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर के पद से स्थानांतरित कर पुलिस उपमहानिरीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ बनाया गया है। साथ ही आइपीएस अधिकारी पूनम, जो पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं प्रधानाचार्य, पीटीएस मेरठ के पद पर तैनात थीं, उन्हें अब पुलिस उपमहानिरीक्षक मिर्जापुर परिक्षेत्र, मिर्जापुर नियुक्त किया गया है।

वहीं आइपीएस अधिकारी अशोक कुमार को पुलिस उपमहानिरीक्षक, सीआइडी लखनऊ से हटाकर पुलिस उपमहानिरीक्षक, देवीपाटन परिक्षेत्र, गोंडा भेजा गया है। जबकि आइपीएस अधिकारी सचिन्द्र पटेल को पुलिस उपमहानिरीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन लखनऊ के पद से हटाकर कर अपर पुलिस आयुक्त, पुलिस कमिश्नरेट आगरा बनाया गया है।

यह भी पढ़ें- यूपी में नौ सीनियर IPS अफसरों का तबादला, सतीश गणेश संभालेंगे ट्रैफिक के साथ अपराध

इसके अलावा आइपीएस अधिकारी यमुना प्रसाद जो पुलिस उपमहानिरीक्षक पीटीसी मुरादाबाद में तैनात थे, उन्हें पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले बड़े पैमाने पर डिप्टी एसपी रैंक के अधिकारियों के ट्रांसफर किए गए थे, जिसमें 206 डिप्टी एसपी रैंक के अधिकारियों के एक साथ तबादला किया गया था।