यूपी विधानसभा के विशेष सत्र का बहिष्कार करेगी कांग्रेस: अजय कुमार

छोटे दलों से गठबंधन

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर योगी सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही कांग्रेस द्वारा दो अक्टूबर के यूपी विधानसभा के विशेष सत्र का बहिष्कार करने की घोषणा की है। साथ ही यह भी कहा कि कांग्रेस विधानमंडल के विशेष सत्र में शामिल नहीं होगी। वहीं गांधी जयंती पर कांग्रेस की लखनऊ की पदयात्रा में प्रियंका गांधी के शामिल होने की बात कही है।

यूपी कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता ने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती पर विधानमंडल का सत्र है। गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा और न्याय पर था। यूपी की भाजपा सरकार सत्य, अहिंसा, न्याय पर भरोसा नहीं करती है। यूपी सरकार शाहजहांपुर केस में आरोपी चिन्मयानंद को बचा रही है। यूपी सरकार ने पीड़िता को ही जेल भेज दिया।

यह भी पढ़ें- चिन्मयानंद केस: शाहजहांपुर से न्याय यात्रा निकालने पर अड़ी कांग्रेस, अजय कुमार लल्‍लू समेत कई नेता गिरफ्तार

दूसरी तरफ प्रदेश के गन्ना किसाना का अब तक गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं हुआ है। किसान दर-दर की ठोकर खा रहा है। उन्होंने कहा कि जब ढाई साल में कुछ व्यवस्था नहीं कर पाए तो सत्र में क्या चर्चा करेंगे?

अजय कुमार ने योगी सरकार पर हमला जारी रखते हुए आगे कहा कि उत्तर प्रदेश की सारी भर्तियां कोर्ट में हैं। यूपी सरकार ने सारी नौकरियां ठेकेदारी प्रथा की भेंट चढ़ा दी। इस सरकार में गांधी जी की मूर्तियां तोड़ी जा रही हैं। गांधी जी के हत्यारे की मूर्तियां लग रही हैं। हम इस विशेष सत्र का बहिष्कार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी में कांग्रेस ने भंग की सभी जिला कमेटियां, अजय कुमार लल्‍लू पर भरोसा कर बड़ी जिम्‍मेदारी भी दी

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ चर्चा करना चाहती है, काम नहीं। सरकार ने सदन में कभी कानून-व्यवस्था पर चर्चा नहीं की। तीन दिन पहले हमने न्याय पदयात्रा की इजाजत ली थी। रात को अचानक प्रशासन ने हमारी यात्रा निरस्त करने का आदेश जारी किया। इस दौरान अजय कुमार ने कहा कि गांधी जयंती पर प्रियंका गांधी लखनऊ में पदयात्रा में शामिल होंगी। कल के कार्यक्रम के लिए हमने डीएम लखनऊ को पत्र भेजा है। गांधी जयंती के मौके पर हम शांति मार्च निकाल रहे हैं।

यह भी पढ़ें- पीड़िता की रिहाई व चिन्‍मयानंद पर रेप का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस शाहजहांपुर से लखनऊ तक निकालेगी पदयात्रा