आरयू वेब टीम। कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को रेड डालकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी उनके भिलाई स्थित आवास से की गई है और यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत हुई है। इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा, “ईडी आ गई…आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन था, अडानी के लिए तमनार में काटे पेड़ों का मुद्दा उठ जाना था…”।
ईडी की टीम आज सुबह करीब 6:30 बजे तीन गाड़ियों में सीआरपीएफ की सुरक्षा के साथ चैतन्य बघेल के घर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान उन्हें हिरासत में लेकर औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। ये छापेमारी और गिरफ्तारी ऐसे समय पर हुई है, जब छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र का आज अंतिम दिन है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज विधानसभा में रायगढ़ जिले में हो रही अवैध पेड़ कटाई का मुद्दा उठाने वाले थे। ईडी की ये कार्रवाई राजनीतिक हलकों में गहरे संदेश के रूप में देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि नए साक्ष्य मिलने के बाद ईडी ने यह कार्रवाई की। इस घोटाले की जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान शाखा (ईओडब्लू) और ईडी दोनों द्वारा की जा रही है। सात जुलाई को ईओडब्लू ने इस मामले में चौथी सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की, जिसमें घोटाले की राशि को 2,161 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 3,200 करोड़ रुपये बताया गया।
यह भी पढ़ें- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे के खिलाफ ED ने शुरू की कार्रवाई, चैतन्य के घर मारा छापा
ये चार्जशीट 30 जून को दाखिल की गई थी।अब तक इस घोटाले में कुल पांच चार्जशीट दाखिल हो चुकी हैं। जांच में 29 आबकारी अधिकारियों को आरोपित बनाया गया है, जिनमें कई सेवानिवृत्त अधिकारी भी शामिल हैं। ईडी की यह ताजा कार्रवाई आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल बढ़ा सकती है।




















