आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की स्वास्थ्य सेवाएं को लेकर विपक्ष लगातार योगी सरकार पर सवाल उठा रहा है। वहीं इसके बीच अब डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के राम प्रकाश गुप्ता मेमोरियल मातृ एवं शिशु रेफरल चिकित्सालय में रोगियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में रोगियों व उनके परिजनों के लिए अब 510 बेड का रैन बसेरा खुलने जा रहा है। मरीजों और रिश्तेदारों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के शहीद पथ स्थित राम प्रकाश गुप्ता मेमोरियल मातृ एवं शिशु रेफरल चिकित्सालय में रोगियों और उनके परिजनों को ठहरने के लिए मंगलवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने रैन बसेरा का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। साथ ही डायग्नोस्टिक सेवाओं का भी उदघाटन किया।
वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा रोगियों को उच्च कोटि का इलाज मिल सके, इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। अभी तक रेफरल चिकित्सालय के रोगियों को सीटी स्कैन, एमआरआई, एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक जांचों के लिए अन्य परिसर अथवा दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ता था, जिससे इलाज में देर होतो थी। डायग्नोस्टिक सुविधाओं को मातृ शिशु चिकित्सालय में बढ़ाया जाएगा, ताकि एक ही स्थान पर रोगियों को इलाज के साथ जांच की सुविधा भी मिल सके।
इस दौरान डिप्टी ने कहा कि 24.86 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पीआरए भवन का भूमि पूजन राज्यपाल ने किया। लगभग 510 बेड क्षमता वाले इस पीआरए/ रैन बसेरा भवन का निर्माण होगा। इसमें कुल 45 कमरों में 90 बेड की व्यवस्था होगी। साथ ही डॉरमेटरी में 420 बेड की उपलब्धता होगी। रसोई, डायनिंग हॉल, लांड्री, दो लिफ्ट, भोजन व्यवस्था, लिफ्ट तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रावधान किया गया है।
यह भी पढ़ें- शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान पर ब्रजेश पाठक ने कहा, बटुकों की चोटी खींचना महाअपराध, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
आगे जानकारी दी कि शहीद पथ स्थित कैम्पस में एक हजार बेड के ब्रॉड स्पेशिलिटी सेवाओं का अस्पताल स्वीकृत हो गया है। यहां सौ बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक हास्पिटल का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है, साथ ही 888 कमरों का ब्वॉयज तथा गर्ल्स हॉस्टल का कार्य भी प्रगति में है।




















