आरयू ब्यूरो, लखनऊ। शहरभर के अवैध निर्माण पर निगरानी करने व ग्रामीणों इलाकों के खेतों में भी आए दिन ध्वस्तीकरण करने वाले लखनऊ विकास प्राधिकरण को गोमतीनगर स्थित अपने मुख्यालय के बगल में चल रहे होटल की गंभीर अनियमित्ताएं अब नजर आ गयी है। 16 मंजिला होटल रेनेंसा की छत की जगह बार संचालित होता मिला है, वहीं ग्रीन बेल्ट की जमीन पर बेसमेंट चलता पाया गया है। करीब एक दशक से चल रही इन जगजाहिर गड़बडि़यों की बात आज एलडीए ने मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की बैठक में खुद स्वीकार कर ली है।
यह भी पढ़ें- अवैध प्लॉटिंग छोड़, खेत उजाड़ आए थें LDA के शातिर इंजीनियर, कमिश्नर को सबूत सौंप किसान ने लगाई गुहार, भू-माफियाओं के लिए काम कर रही प्रवर्तन की टीम
एलडीए अध्यक्ष विजय विश्वास पंत ने प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा बैठक में करीब एक दशक से चल रहे होटल की मनमानी का खुलासा होने पर मामले को गंभीर मानते हुए एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार को होटल के साथ ही लखनऊ के भवनों में बनें बेसमेंट का अवैध व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही अवैध-अधूरी बहुमंजिला इमारतों को कम्पलीशन सर्टिफिकेट (सीसी) जारी करने वाले एलडीए के भ्रष्ट व लापरवाह अफसर-इंजीनियर को चिन्हित करते हुए उनपर भी कार्रवाई करने के लिये उपाध्यक्ष को निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें- सावधान! FSO को साथ ले आपके होटल-मॉल, अस्पताल व कॉम्पेलक्स की LDA लेने आ रहा अग्निपरीक्षा, कागज भी देखेंगे अफसर
बैठक में प्रथमेश कुमार ने कमिश्नर को बताया कि दिल्ली में हुए अग्निकांड के बाद कराये गये प्रवर्तन के सातों जोन के ज्वाइंट सर्वे में 122 होटल, गेस्ट हाउस, मैरिज लॉन/बैन्क्वेट हॉल समेत अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कराया गया। जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित प्रतिष्ठानों में अनाधिकृत निर्माण व सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया।
वीसी ने खुलासा करते हुए बताया कि संयुक्त टीम की रिपोर्ट के अनुसार गोमती नगर स्थित होटल रेनेंसा में गंभीर अनियमित्ताएं पायी गयी हैं। होटल के पास नक्शे के अनुसार 16वें तल पर जहां छत दर्शायी गयी थी, वहां स्काई बार चल रहा है। इसके अलावा होटल प्रबंधन को लीज पर आवंटित की गयी ग्रीन बेल्ट की जमीन के नीचे अवैध रूप से बेसमेंट का निर्माण पाया गया।
नोवोटेल, लीनेज व पिनैकल में भी मनमानी
उपाध्यक्ष ने यह भी बताया कि रेनेंसा के अलावा गोमतीनगर ही स्थित होटल नोवोटेल में बेसमेंट पार्किंग में बेकरी, स्टॉफ रूम व लॉन्ड्री संचालित मिली। इस क्रम में होटल लीनेज में भी कुछ गड़बड़ी पायी गयी। इसके अलावा आशियाना में स्थित होटल पिनैकल में बेसमेंट में अवैध रूप से बैन्क्वेट हॉल संचालित पाया गया। वहीं, विभूति खण्ड स्थित होटल सैवी ग्रैंड में बेसमेंट में पार्किंग की जगह बैन्क्वेट हॉल समेत अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन की बात सामने आयी।
तत्काल रोकें अवैध गतिविधियां
विजय विश्वास पंत ने रिपोर्ट देखने के बाद ऐसे सभी प्रतिष्ठानों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिन प्रतिष्ठानों में अवैध गतिविधियां मिली हैं, उन्हें तत्काल रोका जाए। अगर निर्धारित समय-सीमा के अंदर सम्बंधित भवन मालिक/प्रबंधक नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं करता है तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया जाए।
यह भी पढ़ें- गजब! पुराने सुपरवाइजरों की वापसी कराने व स्मारक कर्मियों के बाद 50 प्राइवेट इंजीनियरों को अवैध निर्माण के हिसाब-किताब में लगाएगा LDA
मंडलायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि जिन प्रतिष्ठानों में स्पष्ट रूप से अवैध निर्माण संबंधी खामियां उजागर हुयी हैं। उन प्रतिष्ठानों को पूर्णतः प्रमाण पत्र जारी करने वाले अधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई के लिए संस्तुति की जाए।
भीड़ जुटाने वालों की बनाएं लिस्ट
इसके साथ ही कमिश्नर ने एलडीए के सात जोन देखने वाले सभी छह जोनल अधिकारियों को निर्देश दिये कि होटल, कोचिंग सेंटर, कंप्यूटर कलासेस, हॉस्पिटल/नर्सिंग होम, जिम समेत ऐसे सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सूची तैयार की जाए, जहां बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इसमें बेसमेंट में संचालित प्रतिष्ठानों की विशेष रूप से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि सभी भवनों में सुरक्षा के मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए।




















