चंपत राय-गोपाल राव व अनिल मिश्रा पर हो FIR, चढ़ावा चोरी में वकीलों ने पुलिस को दी शिकायत

चढ़ावा चोरी
पुलिस को शिकायत देते वकील।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में फैजाबाद के वकीलों ने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इन तीनों पर एफआइआर दर्ज किए जाने की मांग को लेकर गुरुवार को अयोध्या में वकीलों ने प्रदर्शन किया। अपनी मांग के लिए सड़क पर उतरे वकीलों ने थाने पहुंचकर फैजाबाद बार एसोसिएशन के सदस्यों ने राम मंदिर में दान की कथित चोरी के मामले में चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने के लिए पुलिस में शिकायत की।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र ने कहा है कि, पुलिस ने एफआइआर दर्ज करने का आश्वासन दिया है। फिलहाल शिकायत दर्ज हुई है, प्राथमिकी अभी तक पंजीकृत नहीं हुई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष तीनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की और कहा कि वह सीबीआइ जांच के लिए उच्च न्यायालय और जरूरत पड़ने पर उच्चतम न्यायालय का रुख करेंगे। वकीलों का कहना है कि अगर पुलिस एफआइआर में इन तीनों पदाधिकारियों का नाम दर्ज नहीं करती है तो वो कोर्ट में याचिका लगाकर एफआइआर दर्ज कराने की मांग करेंगे।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी की जांच पूरी नहीं कर सकी SIT, 15 दिन का मिला और समय

मालूम हो कि इस मामले में ट्रस्ट के एक सदस्य कृष्णगोपाल की शिकायत पर आठ लोगों पर एफआइआर दर्ज कराई थी। ये सभी आठ लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब इन सभी के ठिकानों पर पुलिस की लगातार जांच जारी है। लेकिन विपक्ष, वकील और अन्य कई लोगों का कहना है कि इस मामले में बड़ी मछलियों को छोड़ दिया गया है।

यह भी पढ़ें- चढ़ावा चोरी कांड में मुकदमे के बाद चंपत व अनिल मिश्रा ने राम मंदिर ट्रस्ट से दिया इस्तीफा