आरयू वेब टीम। जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को पुलिस द्वारा अपनी मांगों लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज का आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद ने विरोध किया। साथ ही पुलिस की कार्रवाई के विरोध में चंद्रशेखर पिछले तीन दिन से संसद परिसर के अदंर धरने पर बैठे हैं। इस बीच नगीना सांसद को अब आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह का समर्थन मिला है। संजय सिह संसद में बुधवार को चंद्रशेखर आजाद से मिलने पहुंचे।
इस दौरान आप सांसद ने मोदी सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए निशाना भी साधा है। संजय सिंह ने मोदी सरकार के रवैये को तानाशाही करार दे दिया है। साथ ही उन्होंने अपना समर्थन चंद्रशेखर आजाद को देना का ऐलान किया है। चंद्रशेखर से मुलाकात के बाद संजय सिंह ने कहा, “पिछले कई दिनों से आजाद समाज पार्टी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद धरने पर बैठे हैं।
यह भी पढ़ें- चंद्रशेखर ने कहा, जौहर विश्वविद्यालय पर अदालत के फैसले से पहले बुलडोजर चला, तो ये होगी सुप्रीम कोर्ट की अवमानना
चंद्रशेखर की मांग के बारे में जिक्र करते हुए संजय सिंह ने बताया कि इनकी मांग है कि छात्रों के साथ जो बर्बरता हुई है और जो बच्चों की मांगे हैं उनको सरकार सुनें, लेकिन बहुत अफसोस की बात है कि इनसे बातचीत करने के लिए अब तक सरकार न तो कोई मंत्री आया है और न सरकार का कोई प्रतिनिधि आया है न ही इनकी बात सुनी जा रही है।
अहंकार देश की जनता तोड़ेगी
संजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि “यहां तक कि एक सांसद को संसद परिसर में शौचालय इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं है।” उन्होंने आगे कहा, “सड़क पर तानाशाही, सदन में तानाशाही, सदन के परिसर में तानाशाही यह किस प्रकार की सरकार चल रही है। मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री का जो गुरूर और अहंकार है वो इस देश की जनता तोड़ेगी।”
वहीं मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए आप सांसद ने आगे कहा, “सड़क से लेकर संसद तक, प्रधानमंत्री का अहंकार देश की जनता और सांसद मिलकर तोड़ेंगे। मैं पूरी तरह से चंद्रशेखर आजाद की मांगों का समर्थन करता हूं और इस आंदोलन में इनके साथ हूं।”




















