Gen-Z को गुमराह करने वाले धर्मेंद्र प्रधान के बयान पर संजय राउत का हमला, कहा भाजपा ही जिम्मेदार

संजय राउत
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के ‘जेन-जी को गुमराह करने’ वाले बयान पर शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने पलटवार किया है। संजय राउत ने कहा कि अगर जेन-जी को किसी ने भड़काया है तो इसके लिए भाजपा ही जिम्मेदार है। साथ ही कहा कि युवाओं में नाराजगी शिक्षा मंत्रालय के कामकाज और नीट पेपर लीक जैसे मामलों का नतीजा है।

संजय राउत ने कहा, “अगर जेन-जी को भड़काया गया था, तो उसे भड़काने वाले आप ही हैं न। जेन-जी आपकी वजह से ही भड़का।” शिवसेना नेता ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्रालय चलाने के तरीके का यह नतीजा है। राउत ने आरोप लगाया कि नीट के पेपर लीक हुए और परीक्षाएं बार-बार टाली गईं, जिसके लिए तत्कालीन शिक्षा मंत्री जिम्मेदार हैं। आगे कहा कि युवाओं की नाराजगी को गुमराह किए जाने से जोड़ने के बजाय सरकार को यह देखना चाहिए कि आखिर जेन-जी में असंतोष पैदा क्यों हुआ।

शिवसेना (यूबीटी) नेता ने आरएसएस और भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरएसएस के नेता बार-बार जेन-जी को राष्ट्रविरोधी बताते हैं, जबकि कुछ लोग कहते हैं कि युवाओं को भड़काया गया। राउत ने कहा कि भाजपा के कुछ नेता जेन-जी को ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का हिस्सा बताते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सभी लोग एक बार बैठकर बैठक कर लें और आपस में तय कर लें कि युवाओं को लेकर उनकी वास्तविक राय क्या है।

यह भी पढ़ें- संजय राउत का दावा, MLC को पार्टी बदलने के मिल रहे 20 करोड़ रुपए

संजय राउत ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री के पीछे एक ‘महाशक्ति’ होने की बात कही थी। राउत ने कहा कि एकनाथ शिंदे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उन्हें अपना मानसिक संतुलन बनाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री से छह सांसदों की मुलाकात को लेकर भी राउत ने सवाल उठाए। साथ ही कहा कि चुनाव चिह्न से जुड़ा मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। ऐसे में प्रधानमंत्री से सांसदों की सीधी मुलाकात से उन्हें आशंका है कि केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट पर दबाव बनाने की कोशिश कर सकती है।

गौरतलब है कि धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को संबलपुर में कहा था कि नीट पेपर लीक विवाद के दौरान कुछ लोगों ने जेन-जी को गुमराह करने की कोशिश की। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राउत ने भाजपा पर निशाना साधा।

यह भी पढ़ें- सोशल मीडिया प्रतिबंध का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, CJI गवई ने दिलाई Gen-Z प्रदर्शन की याद