समाज में जहर घोल भाजपा ने समाप्‍त किया भाईचारा, अब खत्‍म कर रही लोकतंत्र: अखिलेश

जनेश्‍वर
सपाईयों को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जनेश्‍वर मिश्र की 9वीं पुण्यतिथि के मौके पर मंगलवार को सपा संस्‍थापक मुलायम सिंह यादव और सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने गोमतीनगर स्थित जनेश्‍वर मिश्र पार्क में उन्‍हें श्रद्धांजलि देकर याद किया।

अखिलेश यादव ने जनेश्‍वर पार्क में लगी उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वहां मौजूद सपा नेता व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के सिद्धांतों को लेकर डॉ. राम मनोहर लोहिया आगे बढ़े जिसके बाद जनेश्‍वर मिश्र ने भी उनका रास्ता अपनाया। आज समाजवादी आंदोलन को और आगे ले जाने का संकल्प लेना है। जनता समाजवादी नीति और समाजवादी कार्यक्रमों से ही खुशहाल होगी।

यह भी पढ़ें- RU इम्‍पैक्‍ट: LDA ने आधी रात में लगाया जनेश्‍वर पार्क में राष्‍ट्रीय ध्‍वज

भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि आज हर संस्था पर संकट है। लोकतंत्र में लोग आवाज न उठा सकें, इसलिए संस्थाओं पर भाजपा सरकार पहरा लगा रही है। अब भाजपा का समय खत्म हो रहा है उन्हें अब फिर जनता के बीच में जाना है। जनता बदलाव चाहती है। भाजपा ने समाज में जाति का जहर घोला है और भाईचारा खत्म किया है, अब वह लोकतंत्र खत्म कर रही है।

जनेश्‍वर
जनेश्वर मिश्र के चित्र पर मार्ल्यापण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते मुलायम सिंह यादव।

इवीएम पर जापान नहीं करता भरोस तो हम कैसे कर लें

वहीं अखिलेश यादव ने ईवीएम पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज भी लोगों को ईवीएम पर भरोसा नहीं है, जनता का कहना है कि वोट साइकिल पर दिया निकला भाजपा पर। ईवीएम पर जब विज्ञान के हर क्षेत्र में अग्रणी जापान को भरोसा नहीं है तो हम लोग कैसे कर लें।

गठबंधन पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव सपा और बसपा मिलकर जीतेंगे। चुनाव जीतना है तो मौन भी रहना होगा। इस चुनाव में जनता ही भाजपा से हिसाब लेगी।

यह भी पढ़ें- जनेश्‍वर मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित कर बोले अखिलेश, नेताजी मैनपुरी से लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

इस अवसर पर सपा के नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, सपा के प्रदेश अध्‍यक्ष नरेश उत्तम पटेल, एसआरएस यादव, डॉ. राजपाल कश्यप, राजेश यादव, रविदास मेहरोत्रा, जूही सिंह, अरविन्द कुमार सिंह, रामवृक्ष यादव, मधु गुप्ता, राकेश सचान, संतोष यादव सनी, अनुराग भदौरिया, अंबरीश पुष्‍कर, मनोज पाण्डेय, प्रो. शिवाकांत ओझा, मनीष यादव समेत सपा के अन्‍य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।