कांग्रेस में नागरिक एकता पार्टी का विलय कर शमीम खान ने कहा, राहुल गांधी से प्रभावित हो उठाया कदम

कांग्रेस में विलय
नागरिक एकता पार्टी के विलय के दौरान मौजूद नेता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुट गईं हैं। इस बीच मंगलवार को लखनऊ के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर ‘नागरिक एकता पार्टी’ का कांग्रेस में विलय हो गया। इस दौरान नागरिक एकता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद शमीम खान ने कहा कि राहुल गांधी के संघर्षों से प्रभावित होकर पूरी पार्टी ने विलय का फैसला लिया है।

बढ़ते अन्याय को रोकने में सिर्फ कांग्रेस का नेतृत्व सक्षम

साथ ही शमीम खान ने कहा कि दबे कुचले, पिछड़े, अनूसूचित जाति व अल्पसंख्यक समाज के साथ बढ़ते अन्याय को रोंकने के लिए केवल कांग्रेस का नेतृत्व ही सक्षम है। कड़ाके की ठंड में भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी के संघर्षों से प्रभावित होकर पूरी पार्टी ने निर्णय लिया कि लोकतंत्र व संविधान की रक्षा केवल कांग्रेस से ही सम्भव है।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रमुख महासचिव रिजवान अहमद ने कहा कि कांग्रेस ही एक मात्र ऐसी पार्टी है जहां जाति, धर्म, संप्रदाय, रंगभेद के भेदभाव को भुलाकर समाज के सभी वर्गों को राष्ट्रीयता की भावना से ओत प्रोत करती है।

वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने सभी का कांग्रेस में स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस की नीतियां पूरे देश में अमन-चैन का माहौल पैदा कर सकती है, आज भाजपा की नीतियों से पूरा प्रदेश तबाह हो चुका है। भाजपा द्वारा पूरे देश में नफरत का माहौल फैलाया जा रहा है, बेरोजगारी, अराजकता अपने चरम पर है उससे निजात पाने के लिए लोग कांग्रेस की ओर मुखातिब हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें- रालोद के आधा दर्जन नेताओं को कांग्रेस में शामिल कर खाबरी ने कार्यकर्ताओं से कहा, सड़कों पर उतरना होगा भाजपा के नफरती एजेंडे के खिलाफ

बृजलाल खाबरी ने कहा कि भाजपा के तमाम प्रयासों के बाद भी अपने संघर्षों की जनता के प्रति समर्पित राजनीति के सहारे स्थापित राहुल गांधी का विशाल वजूद इस देश को गारंटी देता है कि अभी भी लोकतंत्र में विपक्ष जीवित है, और आज के परिवेश में विपक्ष विशेष रूप से कांग्रेस ने ही लोकतंत्र को जीवित रखा है।

इस मौके पर नागरिक एकता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद शमीम खान, प्रमुख महासचिव रिजवान अहमद, मोहम्मद नईम अंसारी, उमर खान, मोहम्म्द शकील, हाजी मुन्ना बेग, डॉ. शाइस्ता रान, गुलनाज बानो, डॉ. सलाउद्दीन अंसारी, अमरीन मतीन एडवोकेट, मोहम्मद अनीस, पियूष राजपूत, परवेज आलम ने समर्थकों सहित कांग्रेस की सदस्‍यता ली।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस में शामिल हुए मुलायम सिंह के करीबी सीपी राय व भाजपा के पूर्व विधायक राकेश राठौर