जनसंपर्क कर बोलीं प्रियंका, UP की जनता पर भरोसा, कांग्रेस की मेहनत लाएगी रंग

जनता पर भरोसा
चुनाव प्रचार करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव में प्रथम चरण के प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने मेरठ, आगरा, मथुरा जिले की कई सीटों पर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। साथ ही कहा कि यूपी की जनता पर भरोसा, कांग्रेस की मेहनत रंग लाएगी। कांग्रेस पार्टी ही विकास, महिला अधिकार, किसानों की स्थिति, बेरोजगारों युवाओं को रोजगार देने के रोडमैप के साथ उनके मुद्दे उठा रही है।

प्रियंका ने जनता से अपील करते हुए कहा कांग्रेस पार्टी को वोट देकर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनायें। खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार रामनाथ सिकरवार के समर्थन में जनसैलाब उमड़ा और फौजी, फौजी के नारे लगे।

कांग्रेस महासचिव व राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट मंगलवार को मेरठ के हस्तिनापुर पहुंचे। प्रियंका व सचिन पायलट ने जैन साध्वी ज्ञानमती माताजी का आशीर्वाद लिया। माताजी ने प्रियंका से याद साझा करते हुए बताया कि पूर्व पीएम पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी व राजीव गांधी का हस्तिनापुर से विशेष लगाव था। माताजी ने उन्हें जंबूद्वीप की प्रतिकृति व श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। वहीं सचिन पायलट को भी तिलक कर व अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया किया।

इसके बाद उनका काफिला मवाना पहुंचा। उनका काफिला मवाना में तहसील रोड स्थित मिहिरभोज प्रतिमा स्थल के पास रुका। काफिला रुकते ही प्रियंका वाड्रा और सचिन पायलट ट्रैक्टर पर सवार हो गए और जनसम्पर्क शुरू कर दिया। ट्रैक्टर पर प्रियंका गांधी के साथ सचिन पायलट और कांग्रेस प्रत्याशी अर्चना गौतम बैठीं। मवाना में प्रियंका गांधी ने लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में वोट मांगे। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और सेल्फी ली।

यह भी पढ़ें- प्रियंका की जनता से अपील, “गर्मी-चर्बी नहीं, भर्ती निकालने वालों को दीजिए मौका”

प्रचार के दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव मथुरा पहुंचीं, जहां उन्होंने पहले विश्राम घाट पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से यमुना पूजन किया। इस दौरान कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और मथुरा से प्रत्याशी प्रदीप माथुर मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने मथुरा में कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर के समर्थन में रोड शो के जरिए चुनाव प्रचार किया।
प्रियंका गांधी का रोड शोर आकाशवाणी केंद्र से शुरू होकर चौक बाजार, स्वामी घाट, द्वारिकाधीश, विश्राम घाट, होली गेट, भरतपुर गेट होता हुआ डीग गेट पहुंचा।

यह भी पढ़ें- डोर-टू-डोर कैंपेन व रोड शो में प्रियंका ने कहा, जाति-संप्रदाय के नाम पर जनता के बीच दरार डाल रही भाजपा