कार्यकर्ताओं से बोले अखिलेश, सपा को बूथ स्‍तर तक मजबूत कर किया जा सकता है झूठ-धांधली की राजनीत से मुकाबला

अखिलेश यादव
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद बुधवार को यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संयमत बरतने को कहा। साथ ही अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा को बूथ स्तर तक मजबूती देकर ही हम झूठ, फरेब और धांधली की राजनीति का मुकाबला कर सकेंगे। हमारा एजेंडा प्रदेश के सर्वतोमुखी विकास का है और इसके लिए साल 2022 में समाजवादी सरकार बनाना आवश्यक है।

प्रदेश मुख्‍यालय पर जुटे कार्यकर्ताओं से अखिलेश ने आगे कहा कि संयम और निष्ठा से काम करते हुए सपा सरकार के कामों एवं सपा की नीतियों को घर-घर, गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए अभी से सक्रिय हो जाएं।

यह भी पढ़ें- उपचुनाव: उत्‍तर प्रदेश की छह विधानसभा सीटों पर भाजपा जीती, एक पर सपा का कब्‍जा बरकरार

इस मौके पर अखिलेश ने योगी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में भाजपा की डबल इंजन सरकार लोकतंत्र को रौंदने में लगी है। मतदान में धांधली से मतदाता के अधिकार पर चोट पहुंचती है। इससे लोकतंत्र की पवित्रता नष्ट होती है। हमें इन स्थितियों के प्रति सावधान रहना है।

भाजपा राजनीति की उपलब्धि मानती है सामाजिक सद्भाव बिगाड़ना

सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा को वास्‍तव में विकास करना ही नहीं है, वह तो विनाश के रास्ते पर ही चलती है। सामाजिक सद्भाव बिगाड़ना, समाज में दूरी पैदा कर भाजपा राजनीति की उपलब्धि मानती है। बीजेपी सरकार के काम से निराशा और उसकी नीतियों से लोगों अविश्‍वास व्याप्त है। भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए सपा अध्‍यक्ष ने कहा कि समाज में परस्पर विद्वेष को बढ़ावा दिया गया है। संविधान की शपथ के विरूद्ध भाजपा सरकार रागद्वेष की भावना से काम करती है।

जनहित पर बल देती है सपा की नीतियां

साथ ही अखिलेश ने दावा किया समाजवादी पार्टी की नीतियां जनहित और सर्वतोमुखी विकास पर बल देती है। सपा पर जनता का भरोसा है और हमें उस पर खरा उतरना है। भाजपा सरकार का अब एक साल ही बचा है। जनता इससे ऊबी हुई है और उससे मुक्ति चाहती है। भाजपा सरकार को हटाकर, समाजवादी सरकार बनने पर ही जनता की आशा-आंकाक्षा पूरी हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- UP राज्यसभा के सभी प्रत्‍याशी निर्विरोध निर्वाचित, भाजपा के आठ, सपा-बसपा से एक-एक उम्मीदवार पहुंचे उच्चसदन