केशव मौर्या की किसानों को सलाह, “सरकार उनके साथ, राजनैतिक दल या नेता के बहकावे में ना आएं तो बेहतर”

किसानों को सलाह

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के मुजफ्फरनगर में किसानों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस पर डिप्टी सीएम केशव मौर्या का कहना है कि उत्तर प्रदेश की सरकार सदैव किसान के साथ है। हम किसान के हित की हर बात को लेकर उनके साथ हैं। वहीं किसानों को सलाह देते उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लोग किसी राजनैतिक दल या फिर नेता के बहकावे में ना आएं तो बेहतर है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र के साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार सदैव उनके साथ थी और रहेगी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता है। देश तथा उत्तर प्रदेश में किसानों का पूरा सम्मान है। केन्द्र तथा उत्तर प्रदेश सरकार किसानों के खिलाफ नहीं है। किसान किसी दल के बहकावें में न आएं सरकार पूरी तरह से उनके साथ है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने कई दौर में किसान नेताओं के साथ वर्ता भी की है, लेकिन यह लोग कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली बार्डर पर लगभग आठ माह से आंदोलन कर रहे हैं। यह ठीक नहीं है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि किसान आंदोलन वास्तव में किसानों का नहीं सपा, बसपा और कांग्रेस का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों के लिए कार्य किया है। कांग्रेस ने किसानों के लिए कोई काम किया हो तो बताएं। काम अच्छा हो तो उसकी प्रशंसा भी होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस हमेशा निगेटिव काम करती है।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर किसान महापंचायत में उमड़ा अन्‍नदाताओं का सैलाब, राकेश टिकैत बोले, काले कानूनों की वापसी के बिना नहीं लौटेंगे किसान

डिप्‍टी सीएम ने आज यह भी कहा कि‍ मेरी सभी किसान भाइयों से अपील है कि आप लोग ना तो किसी राजनैतिक दल के बहकावे में आएं ना ही किसी नेता के उकसाने पर उत्तेजित हों। देश के कुछ राजनैतिक दल किसान हितैषी होने का दावा भले ही कर रहे हैं, लेकिन जब इनके पास सत्ता थी तो यह लोग क्या कर रहे थे। इनको तो मौका मिला था, किसान हित की बात करने वालों ने अपने समय में कुछ किया नहीं, लेकिन अब राजनीति कर रहे हैं। किसानों के नाम पर यह लोग देश तथा उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ माहौल बनाने के प्रयास में हैं। इनको तो कुछ भी हासिल नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि देश में किसान महापंचायत के नाम पर माहौल को खराब करने का भी प्रयास किया जा रहा है। योगी आदित्यनाथ सरकार किसी को भी कानून-व्यवस्था से खेलने की छूट नहीं देगी। आज भी मुजफ्फरनगर में किसी भी अराजक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त बल तैनात है। किसी भी किसान भाई को नुकसान पहुंचाने वालों से सख्ती से निपटने की तैयारी भी है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस के बाद भाजपा के गांधी भी किसानों के समर्थन में उतरे, कहा, यह अपना ही खून, हमें समझना होगा इनका दर्द

बता दें कि मुजफ्फरनगर के जीआईसी ग्राउंड में संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत आयोजित की गई है। जिसमें हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व उत्तराखंड के साथ अन्य कई राज्यों के किसान पहुंचे हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने उक्त बातें कहीं।