मोदी की कैबिनेट विस्तार से पहले रमेश पोखरियाल, गंगवार, बाबुल सुप्रियो समेत इन नेताओं ने दिया मंत्रिमंडल से इस्तीफा

मोदी की कैबिनेट विस्तार

आरयू वेब टीम। मोदी की कैबिनेट में बुधवार को बड़ा बदलाव हुआ है, उससे पहले दिल्ली में सियासी हलचल तेज हो गई। मंत्रिमंडल में नए नामों के जुड़ने से पहले कुछ पुराने नामों को विदाई दी गयी, जिनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, श्रम मंत्री संतोष गंगवार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो समेत कई मंत्री शामिल हैं। इन मंत्रियों की कैबिनेट से छुट्टी हो गई है।

जानकारी के अनुसार महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री देबाश्री चौधरी से इस्तीफा मांगा गया है। इसी बीच उर्वरक और रसायन मंत्री सदानंद गौड़ा की कैबिनेट से छुट्टी हो गई है। संजय धोत्रे से भी इस्तीफा ले लिया गया है। केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री थावरचंद गहलोत ने मंगलवार को ही इस्तीफा दे दिया।

बताया जा रहा है कि रमेश पोखरियाल निशंक को खराब स्वास्थ्य की वजह से केंद्रीय कैबिनेट से हटाया गया है। कोरोना होने के बाद से ही उनका स्वास्थ्य लगातार ठीक नहीं था, ऐसे में अब उन्हें मंत्रिमंडल से हटाया गया। बता दें कि इन नामों से पहले ही केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त कर दिया गया है। ऐसे में साफ है कि वो भी मंत्रिमंडल से बाहर कर दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- मोदी की कैबिनेट विस्तार की संभावनाओं के बीच राष्ट्रपति ने किया आठ राज्यों के राज्यपाल में फेरबदल, जानें किसे मिली किस राज्य की जिम्मेदारी

गौरतलब है कि मोदी की कैबिनेट का पहला विस्तार आज किया गया है। इस बहुप्रतीक्षित विस्तार एवं पुनर्गठन के लिए बुधवार छह बजे का समय निशिचत किया गया था। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बुधवार की शाम को होने वाले फेरबदल व विस्तार से पहले, मंत्री पद के संभावित चेहरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने उनके आधिकारिक आवास पर पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा भी प्रधानमंत्री आवास पर मौजूद हैं।

यह भी पढ़ें- राज्यपाल आनंदीबेन से मिले CM योगी, मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें हुईं तेज