अखिलेश ने साधा योगी सरकार पर निशाना, उत्‍तर प्रदेश के रहने वाले नहीं है मुख्‍यमंत्री

यशवंत सिन्हा

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर निशाना साधा है। साथ ही अखिलेश ने एक नया शगूफा छोड़ते हुए कहा है कि योगी आदित्‍यनाथ उत्‍तर प्रदेश के रहने वाले नहीं है।

यूपी के पूर्व सीएम शनिवार को सपा मुख्‍यालय पर में आयोजित प्रेसवार्ता में मीडिया से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्‍होंने योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा है कि बीजेपी सरकार ने किसान-नौजवान सहित समाज के सभी वर्गों को अपमानित किया है। जनता ने इतने अपमान का कभी सामना नहीं किया। भाजपा सरकार के यूपी में चार साल पूरे होने को है किंतु वे एक भी अपना काम नहीं दिखा पा रहे हैं। वे बस सपा सरकार के समय हुए कामों को ही अपना बता रहे हैं।

अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री विकास पर कम बोलते हैं। वे ऐसी भाषा बोलते हैं जिसकी अपेक्षा नहीं की जाती है। ऐसी भाषा संसदीय सम्मत नहीं हो सकती है। इस तरह की भाषा किसी राजनेता को शोभा नहीं देती है। वे झूठ बोलते हैं कि भाजपा राज से पहले बिजली नहीं आती थी।

यह भी पढ़ें- सिंघु बार्डर पर भाजपा के उत्पातियों ने किसानों पर किया पथराव: अखिलेश

सपा अध्‍यक्ष ने आगे कहा कि सपा सरकार में सुपर सिक्स्टी क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट लगे, ट्रांसमिशन लाइनें लगीं, सब स्टेशन बने। सपा सरकार में नई चीनी मिलें बनी और चली। गन्ना की कीमत सपा सरकार के समय ही बढ़ी। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के रहने वाले नहीं है। साथ ही सपा सरकार के समय किसी बलात्कारी का मुकदमा वापस नहीं लिया गया।

लोहिया-अंबेडकर के सिद्धांतों पर चलती है सपा

वहीं अखिलेश ने आज यह भी दावा किया कि सपा डॉ. राम मनोहर लोहिया और डॉ. भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों पर चलती है। इस रास्ते पर चलने के लिए लगातार बड़ी संख्या में लोग जुड़ रहे है। सपा की कोशिश रहेगी कि हर वर्ग के लोग जुड़े, इसमें कामयाबी से आने वाले समय में सपा की सरकार बनेगी, क्योंकि वर्तमान सरकार ने जनता को निराश किया है।