लखनऊ कार्यकर्ता सम्‍मेलन में मोदी सरकार पर बरसे संजय सिंह, नौ साल में नहीं पूरा किया अपना एक भी वादा

आप कार्यकर्ता सम्‍मेलन
सम्‍मेलन को संबोधित करते संजय सिंह।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आम आदमी पार्टी के कार्यकता सम्मेलन में लखनऊ पहुंचे आप के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बुधवार को न सिर्फ कार्यकर्ताओं संबोधित किया, बल्कि मोदी सरकार को भी निशाने पर लिया। संजय सिंह ने कहा कि पिछले नौ सालों से ज्यादा समय से केंद्र में मोदी सरकार काबिज है, लेकिन इतना बड़ा वक्त मिलने के बाद भी मोदी सरकार ने एक भी वायदा पूरा नहीं किया। काला धन तो वापस आया नहींं, बल्कि घरों में मौजूद धन भी बैंकों में ले लिया।

इतना ही नहीं किसानों की फसल का दोगुना दाम भी नहीं मिला, उनको उनकी फसल का दाम ही मांगने पर लाठियां मिलती है। इसीलिए आप पार्टी के मुखिया व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गारंटी योजना दिया है, क्योंकि हम वादा नहीं करते, गारंटी देते हैं। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी के हर विचार को लेकर गांव-गांव, घर-घर जायें। आप के दिल्ली और पंजाब सरकार के कामकाज, स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक, फ्री बिजली के मुद्दे को लेकर जायें।

कर्ज में दबा हुआ किसान जब…

लखनऊ के गांधी भवन प्रेक्षागृह में लखनऊ के जिलाध्यक्ष शेखर दीक्षित द्बारा आयोजित कार्यकता समागम में मुख्य अतिथि के रूप में  संजय सिंह ने कहा कि हर व्यवसायी अपने उत्पाद का दाम खुद ही तय करता है। उससे यह नहीं पूछा जाता कि उसके उत्पाद का दाम इतना अधिक क्यों है, लेकिन यह दुर्भाग्य है कि कर्ज में दबा हुआ किसान जब अपनी फसल तैयार करता है तो उसका दाम सरकार तय करती है, किसान नहीं। अगर आप की सरकार आयी तो हम किसानों को उनकी फसल की दाम उनके मुताबिक और उस पर उनको लाभ भी देंगे।

नौजवानों को भी मोदी सरकार ने किया गुमराह

मोदी सरकार पर ला जारी रखते हुए संजय सिंह ने कहा कि केवल किसानों को ही नहीं, बल्कि नौजवानों को भी गुमराह करने का काम मोदी सरकार ने किया। सरकार ने हर साल दो करोड़ नौजवानों को नौकरी देने का वायदा किया था। यानि 18 करोड़ नौकरी देनी चाहिए थी। पर संसद में खुद उनकी सरकार ने ही कहा कि हमने नौ साल में सात लाख नौकरी दी और वह भी कहा दी पता नहीं।

यह भी पढ़ें- धरनारत वकीलों को मिला AAP का समर्थन, संजय सिंह ने कहा, पीड़ितों को न्‍याय दिलाने वालों पर ही योगी आदित्‍यनाथ चलवा रहें लाठी

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पूरे देश की जनता को बेवकूफ बना रही है। न तो बिहार के दरभंगा में एम्स बना न तो भोपाल में रानी दुर्गावती स्टेशन, लेकिन बयानों में बन गया। महंगाई चरम पर है। रसोई गैस, पेट्रोल, खाने का तेल सब कुछ महंगा हो गया। यही नहीं, जीवन रक्षक 800 दवाओं के दाम भी सरकार ने बढ़ा दिये। कैंसर, किडनी और लीवर जैसी गंभीर बीमारियों के दाम भी बढ़ा दिये गये।

नफरत की राजनीति से कुछ नहीं मिलने वाला

आप नेता ने कहा कि सरकार से कुछ भी मांगों, कुछ भी बात करो। ये हिंदू-मुस्लिम करने लगते हैं। जनता को इस नफरत की राजनीति से कुछ नहीं मिलने वाला। मणिपुर, मेवाड़ सब जगह आग लगी हुई है। उन्होने कहा कि नौकरी मिल नहीं रही है। मिड डे मील में नमक रोटी मिल रही है। बिजली कटौती हो रही है। पेपर लीक हो रहे हैं। लेकिन इन सब के लिए आप खुद जिम्मेदार हैं क्योंकि अगर आप हिंदू-मुस्लिम के नाम पर वोट देंगे तो आगे भी यही होगा।

पांच किलो राशन देकर रोज गिनाती

उन्होंने कार्यकर्ताओ को नसीहत दी कि जब तक आप धर्म के नाम पर वोट देंगे तब ऐसा ही होगा। क्या हिंदू को पेट्रोल और दवांए सस्ती मिलती है। ये सरकार जनता को पांच किलो राशन देकर रोज गिनाती है और अडानी को ढाई लाख करोड़ रुपये कर्ज दे दिया और पूंजीपतियों का 13 लाख करोड़ रुपये कर्ज माफ कर दिया। वहीं अगर किसी किसान पर 50 हजार का भी कर्ज होता है तो उसे घसीट कर हवालात में बंद कर दिया जाता है।

संविधान में 900 बार इंडिया लिखा

संजय सिंह ने कहा कि विपक्ष ने इंडिया गठबंधन बना लिया तो देश का ही नाम बदलने लगे। इंडिया को ही गाली देने लगे। भारत के संविधान में लिखा है इंडिया इज भारत। देश के संविधान में 900 बार इंडिया लिखा है। कैसे बदल दोगे। उन्होंने कहा कि देश नाम से छेड़खानी करने की इजाजत नहीं देता। संघ ने 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराया। हमें आपसे देशभक्ति नहीं सीखना चाहते।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विधानसभाओं से आए कार्यकर्ताओं ने संजय सिंह का स्वागत किया। लखनऊ जिला कार्यकारिणी समेत लखनऊ जिले की नौ विधानसभा लखनऊ पूर्व, लखनऊ उत्तर, लखनऊ पश्चिम, लखनऊ मध्य, कैण्ट, सरोजिनी नगर, बक्शी का तालाब, मोहनलालगंज व मलिहाबाद विधानसभा की कार्यकारिणी में नियुक्त सभी पदाधिकारियों को व लखनऊ जिले में अब तक नियुक्त किए गए वार्ड अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र भी आज दिया गया।