MP में सपा-बसपा व निर्दलीय विधायक हुए भाजपा में शामिल, सीएम ने किया स्‍वागत

भाजपा में शामिल
भाजपा में शामिल नेताओं को स्‍वागत करते सीएम शिवराज।

आरयू वेब टीम। राजधानी भोपाल में आज मध्य प्रदेश के तीन विधायकों ने भाजपा की सदस्यता ली। सपा से राजेश शुक्ला, बसपा से संजीव कुशवाहा और एक निर्दलीय विधायक के भाजपा में शामिल होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है कि भारतीय जनता पार्टी से आज बसपा विधायक संजीव कुशवाह, सपा विधायक राजेश शुक्ला और निर्दलीय विधायक राणा विक्रम सिंह जुड़ रहे हैं। मैं आप सभी का भाजपा परिवार में हृदय से स्वागत करता हूं।

शिवराज ने कहा कि तीनों विधायक साथी सदैव अपने-अपने क्षेत्र के विकास को लेकर सक्रिय रहते हैं। मेरा भी यह प्रयास रहता है कि प्रदेश का अधिकतम विकास कैसे हो और जनता की भलाई के काम कैसे किए जाएं! हम सब मिलकर प्रदेश को आगे बढ़ायेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के मार्गदर्शन और प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णु दत्त शर्मा जी के नेतृत्व में हम जनता की सेवा के लिए अधिकतम कार्य करेंगे। सरकार के नाते हमारा जो कर्तव्य है, उसका पूर्णत: निर्वहन करेंगे। हम सब मिलकर प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के कार्य करेंगे।

वहीं प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने कहा कि हमें गर्व है कि आज भाजपा परिवार में तीन ऐसे सशक्त और ताकतवर जनप्रतिनिधि सम्मिलित हुए हैं, जो अपने क्षेत्र के विकास और समाज के कल्याण के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं। पूर्ण विश्वास है कि तीनों विधायकगणों के भाजपा परिवार में सम्मिलित होने से बिजावर, भिंड व सुसनेर विधानसभा विकास पथ पर और तेज़ गति से आगे बढ़ेगी।

बसपा विधायक संजीव कुशवाहा, सपा विधायक राजेश शुक्ला निर्दलीय विधायक विक्रम राणा भाजपा में शामिल होने पर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि इस समय भाजपा घबराई हुई है। कांग्रेस में 16 नगर निगमो के 15 महापौर के उम्मीदवार चार दिन पहले तय हो चुके है। भाजपा एक भी महापौर उम्मीदवार तय नही किए।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल हो हार्दिक पटेल ने नरेंद्र मोदी को बताया देश का गौरव

भाजपा की बैठक में ज्योतिरादित्य सिंधिया आते है तो जयभान सिंह पवैया भाग जाते है,और नरेंद्र सिंह तोमर आते है तो सिंधिया भाग जाते है। भाजपा की बैठक पूरी नही हो पा रही, सीएम शिवराज को दिल्ली भागना पड़ रहा है। कुछ विधायकों लाकर माहौल बनाया जा रहा,की भाजपा की अच्छी स्थिति है। विधायक अपनी पार्टी छोड़ कर आ रहे है। यह तीनो विधायक 2023 के विधानसभा चुनाव में बहुत सारे वोट से हार रहे है।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल होकर बोले खली, प्रधानमंत्री ने देश के लिए जो काम किया, उससे ली प्रेरणा