अब विकास हुआ पांच लाख का ईनामी, पुलिस ने करीबी अमर दुबे को भी मार गिराया, ADG ने कहा घटना में शामिल लोगों को होगा हमेशा पछतावा

एडीजी कानून व्‍यवस्‍था
मीडिया को जानकारी देते एडीजी कानून-व्यवस्‍था।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कानपुर के चौबेपुर के बिकरू गांव मे पुलिस के डिप्टी एसपी सहित आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद फरार मोस्टवांटेड विकास दुबे को की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रहीं हैं। इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने मुख्य आरोपित विकास दुबे पर इनाम राशि और बढ़ा दिया है। विकास दुबे पर घोषित इनाम की राशि को ढाई लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपए कर दी गई है। इसी बीच यूपी पुलिस के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने कहा कि पुलिस के जवानों की शहादत व्‍यर्थ नहीं जाएगी।

एडीजी कानून-व्‍यवस्‍था ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर मीडिया से बात करते हुए कहा कि कानपुर में पुलिस जवानों की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने देंगे। जो भी कार्रवाई होगी, विधिक होगी और ऐसी होगी कि घटना में जो भी लोग शामिल हैं उन्हें हमेशा पछतावा होगा।

यह भी पढ़ें- जमीदोज हुए मकान से मिला असलहों का जखीरा, 220;IG कानपुर ने कहा, विकास दुबे के साथ आतंकियों जैसा ही होगा सलूक

उन्‍होंने आज सुबह हुई मुठभेड़ के बारे में बताया कि कानपुर घटना में नामित और वांछित अमर दुबे को आज सुबह मार गिराया है। घटना के बाद फरार हुए अमर दुबे पर पुलिस ने 25 हजार का ईनाम घोषित किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 50 हजार किया गया था।

फरीदाबाद में मुठभेड़ में मारे गए विकास दुबे के करीबी अमर दुबे के पास से एक अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद हुआ है, जबकि मामले में अन्य आरोपित श्यामू बाजपेयी, जहान यादव, संजू दुबे को कानपुर पुलिस ने​ गिरफ्तार किया है। इनके पास से 9 एमएम की दो सरकारी पिस्टल, दो अन्य पिस्टल और 44 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

यह भी पढ़ें- DGP ने विकास दुबे पर ईनाम राशि बढ़ाकर की ढाई लाख, जगह-जगह लगाए गए पोस्‍टर

वही यूपी के अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बुधवार को विकास दुबे को पकड़ने वाले को पांच लाख रूपये का इनाम देने की घोषणा की है। अपर मुख्य सचिव अवस्थी ने बताया, विकास दुबे की सूचना देने पर अब पांच लाख रूपये की धनराशि दी जाएगी। विकास दुबे पर पहले 25 हजार का इनाम था, जिसको बढ़ाकर 50 हजार, फिर एक लाख उसके बाद 2.5 लाख किया गया था। 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे पर आईजी रेंज मोहित अग्रवाल ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

यह भी पढ़ें- विकास दुबे के दो रिश्‍तेदारों को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया, कानपुर पहुंचे DGP ने किया घटनास्‍थल का निरीक्षण, घायल जवानों का जाना हाल

आईजी रेंज मोहित अग्रवाल ने विकास दुबे पर इनाम की राशि बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये करने का प्रस्ताव रखते हुए फाइल डीजीपी कार्यालय भेजी थी। डीजीपी ने 2.5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद बुधवार को प्रदेश सरकार ने दुबे की अपराधिक गतिविधियों में बढ़ रही संलिप्तता को देखते हुए इस राशि को ढाई लाख से बढ़ाकर पांच लाख कर दिया।

नौ दिन पहले हुई थी अमर की शादी

वहीं बताया जा रहा है कि विकास दूबे के खास अंगरक्षक व रिश्‍तेदार अमर दुबे की शादी नौ दिन पहले ही हुई थी। विकास ने ही उसका रिश्‍ता तय कराया था, जिसके बाद 29 जून को अमर दुबे की शादी हुई थी। रिश्‍ता तय होने के बाद अमर दूबे के बारे में पता लगने पर लड़की वालों ने शादी से मना कर दिया था। इसके बाद भी विकास ने लड़की को उसके परिवार के साथ अपने घर बुला लिया और यहीं शादी करा दी। दो दिन लड़की विकास के घर पर रही थी। उसके बाद परिवार के साथ बिदा कर दिया गया। लॉकडाउन के चलते शादी की सिर्फ रस्म अदायगी रही। परिवार के लोग ही शामिल हुए। कोई कार्ड नहीं बांटे गए, भव्य आयोजन नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें- CM योगी की अधिकारियों को दो टूक, जब तक विकास दुबे पकड़ा न जाए न लौटें मुख्‍यालय