मुंबई में 20 मंजिला आवासीय इमारत में लगी भीषण आग, सात लोगों की दर्दनाक मौत, 28 भर्ती, कई की हालत गंभीर

कमला बिल्डिंग

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। मुंबई में शनिवार को एक भीषण हादसा हो गया है। 20 मंजिला आवासीय बिल्डिंग में भयानक आग लगने से दोपहर तक सात लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 28 लोग को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बतायी जा रही। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत से लोगों को रेसक्यू किया। घटना से इलाके में चीख-पुकार मची थी। हालात संभालने के लिए ट्राफिक पुलिस व स्थानीय पुलिस की भी मदद ली गई।

जानकारी के अनुसार ये हादसा मुंबई के ताड़देव इलाके में कमला बिल्डिंग की 20 मंजिला इमरात में आग लगने की वजह से हुई। अधिकारियों के मुताबिक, आग सुबह करीब सात बजे लगी। इसके बाद आग को काबू करने के लिए 21 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग 15 वें फ्लॉर पर लगी थी और उपर तक गई। 19वां फ्लॉर ज्यादा प्रभावित हुआ है। हादसे में सात लोगों की अलग-अलग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

इस संबंध में आज दोपहर सीएफओ मुंबई हेमंत परब ने स्थानीय मीडिया को बताया कि अब तक 28 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग में अग्निशमन की व्यवस्था है, लेकिन आग के कारण का पता अभी तक नहीं लग पाया है। सीएफओ ने बताया कि इमारत में धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में ज्यादा समस्या हो रही है।

यह भी पढ़ें- चांदनी चौक में लगी भीषण आग, 60 से अधिक दुकानें जलकर राख, करोड़ों का नुकसान

वहीं हादसे की खबर मिलने के बाद मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों से जानकारी ली। इसके बाद मेयर किशोरी पेडनेकर हॉस्पिटल में भी घायलों का हालचाल जानने के लिए पहुंचीं। उन्होंने कहा कि बिल्डिंग से अधिकतर को बाहर निकाल लिया गया है।

यह भी पढ़ें- अहमदनगर के सिविल अस्पताल में भीषण आग, दस कोरोना मरीजों की मौत