बोले अखिलेश, “यूपी में बढ़ रहा भाजपा सरकार का अत्‍याचार, जल्‍द ही इसके खिलाफ शुरू करेंगे जेल भरो आंदोलन”

जेल भरो आंदोलन
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 120वीं जयंती पर इटावा के चौधरी चरण सिंह डिग्री कॉलेज में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण श्रद्धासुमन अर्पित की। साथ ही कार्यक्रम को संबोधित कर अखिलेश ने कहा कि ‘चौधरी चरण सिंह किसानों के बहुत बड़े नेता थे। वह कहा करते थे कि किसानों को एक नजर हल पर और दूसरी नजर संसद पर रखनी चाहिए। किसानों को जानना चाहिए कि संसद क्या फैसला लेती है।’

इस दौरान सपा मुखिया ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार का अन्‍याय बढ़ता जा रहा है, लेकिन यह बहुत दिनों तक नहीं चलेगा और बहुत जल्दी ही पार्टी भाजपा सरकार के अत्याचार के खिलाफ जेल भरो आंदोलन शुरू करेगी।

सपा मुखिया ने आज अपने एक बयान में भी कहा कि ‘पिछले दिनों हम कानपुर गए। भाजपा सरकार ने हमारे विधायक इरफान सोलंकी की जेल बदल दी और महराजगंज जेल ले गए। ‘वे किसी भी जेल में ले जाएंगे हम अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलने हर जेल तक जाएंगे और बहुत जल्दी ही पार्टी भाजपा सरकार के अन्याय और अत्याचार के खिलाफ जेल भरो आंदोलन शुरू करेगी।’ उन्होंने कहा कि जल्दी ही हम नेताओं के साथ बैठेंगे और जेल भरो आंदोलन का ब्यौरा तय करेंगे।

यह भी पढ़ें- भाजपा सरकार में अन्याय, महंगाई-भ्रष्टाचार ने किया जनता का जिंदा रहना मुश्किल: अखिलेश

वहीं अखिलेश ने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में जीत के लिए जसवंतनगर समेत अन्य विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं कार्यकर्ताओं और जनता को बधाई देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा, मैनपुरी की जीत बहुत बड़ी है और मैनपुरी मॉडल ने गुजरात मॉडल को विफल कर दिया है। गुजरात मॉडल वाले लोग अब मैनपुरी मॉडल पढ़ रहे हैं।’’

साथ ही सपा प्रमुख ने भाजपा नेताओं पर तंज किया कि वे दावा कर रहे थे कि आजमगढ़ हरा दिया, रामपुर हरा दिया उसी तरह से मैनपुरी भी हरा देंगे, लेकिन सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जमीन पर मेहनत करके बहुत बड़ी जीत हासिल की है।

इस दौरान कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव, मैनपुरी से सांसद डिम्पल यादव और आदित्य यादव समेत अन्य नेताओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया।

गौरतलब है कि सपा संस्‍थापक मुलायम सिंह यादव के निधन से रिक्‍त हुई मैनपुरी संसदीय सीट पर इस महीने हुये उप चुनाव में अखिलेश यादव की पत्‍नी डिंपल यादव ने दो लाख 88 हजार से अधिक मतों से भाजपा के रघुराज सिंह शाक्‍य को पराजित किया था।

यह भी पढ़ें- मतदान कर अखिलेश ने साधा योगी सरकार पर निशाना, कहा वोट न पड़ने के अपनाए जा रहे सभी हथकंडे