शिवपाल की मांग, गरीब व किसानों के नेता चौधरी चरण सिंह को दिया जाए भारत रत्‍न

भारत रत्‍न
शिवपाल सिंह यादव। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद कर उन्‍हें भारत रत्‍न देने कि मांग की है। 29 मई को ही चौधरी चरण सिंह ने देश के पांचवें प्रधानमंत्री की शपथ ली थी। शिवपाल ने आगे कहा कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्‍न सिर्फ इसलिए नहीं मिला, क्योंकि वह गरीबों व किसानों के नेता थे। जबकि चौधरी साहब के पहले व बाद में प्रधानमंत्री बने अधिकांश प्रधानमंत्री को भारत रत्‍न मिल चुका है।

प्रसपा सुप्रीमो ने अपने बयान में कहा कि चौधरी चरण सिंह को जब-जब सत्ता में रहने का अवसर मिला, उन्होनें किसानों और गरीबों के जीवन स्तर को उठाने वाली नीतियों को आगे बढ़ाया। अगर गरीबों व अन्नदाताओं के मसीहा चौधरी चरण सिंह आज होते तो अपने प्रदेश से बाहर कमाने गए किसान और गरीबों के बच्चों और मजदूरों को सड़कों पर रात नहीं गुजारनी पड़ती। चौधरी चरण सिंह द्वारा किसान और मजदूर हितों के लिए किए गए कार्य आज भी लोगों के दिल में हैं। वह किसान और गरीब की चिंता करने वाले थे।

यह भी पढ़ें- 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण को लेकर शिवपाल यादव ने की योगी सरकार से मांग

शिवपाल यादव ने कहा कि चरण सिंह जानते थे कि देश की समृद्धि का रास्ता गांव, खेत-खलिहानों से ही निकलेगा। इसलिए जीवन भर यही कोशिश करते रहे कि कैसे किसानों को खुशहाल बनाया जाए। उन्होंने हमेशा किसानों के लिए संघर्ष किया है। चौधरी चरण सिंह के प्रयास से उपज के उचित दाम से लेकर, भू-सुधार, चकबंन्दी, भूराजस्व और भूमि-अधिग्रहण तथा जमींदारी उन्मूलन जैसे साहसी और क्रांतिकारी निर्णय हुए, लेकिन आज हालात ये है कि कोरोना आपदा की वजह से हुए लॉकडाउन अनिश्चितता, भय व भूख के मझधार में फंसे, रातों-रात बेरोजगार बन गए लाखों दिहाड़ी मजदूर कड़ी धूप में भूखे पेट और नंगे पैर पैदल चल रहे हैं। इन प्रवासी मजदूरों का कोई सुध लेने वाला नहीं है।

इस दौरान शिवपाल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव, चौधरी चरण सिंह व लोहिया के सपने को पूरा करना ही उनके राजनीतिक कर्म का उद्देश्य है। जिनके स्वप्न थे कि दवाई, पढ़ाई और सिंचाई मुफ्त हो।

यह भी पढ़ें- शिवपाल ने कि उपासना स्‍थलों को खोलने की मांग, कहा मदिरालयों में भीड़, सूने हैं देवालय