नतीजों से पहले शिवपाल को झटका, प्रत्‍याशी दिलीप बघेल ने दिया इस्‍तीफा, लगाए ये आरोप

कार्यकारिणी
शिवपाल सिंह यादव। (फाइल फोटो।)

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को सोमवार को लोकसभा चुनाव और आगरा उत्तर विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आने से पहले बड़ा झटका लगा है। प्रसपा प्रत्याशी दिलीप बघेल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। शिवपाल यादव ने दिलीप बघेल को उत्तर विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया था।

दिलीप बघेल ने प्रसपा नेताओं पर चुनाव में सहयोग न देने का आरोप लगाते हुए आज प्रसपा से अपना इस्तीफा दे दिया। बघेल का आरोप है कि प्रसपा युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष जिस इलाके में रहते हैं, वहां प्रसपा का बस्ता तक नहीं लगाया। चुनाव में जनसंपर्क के दौरान प्रसपा महानगर अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष ने भी साथ नहीं दिया।

यह भी पढ़ें- प्रसपा ने जारी की 31 प्रत्‍याशियों की सूची, फिरोजाबाद से भतीजे अक्षय को चुनौती देंगे शिवपाल,

दूसरी ओर प्रसपा युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन कोहली का कहना है कि पार्टी ने भरोसा करके आगरा के उत्‍तर विधानसभा से दिलीप बघेल को टिकट दिया था। चुनाव में उन्हें सभी ने सहयोग किया। उनके आरोप निराधार हैं। इनका इस्तीफा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अभी पार्टी के पास आया नहीं है, आएगा तब विचार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- मतगणना से पहले विपक्षी दलों ने EVM और एग्जिट पोल पर उठाएं ये सवाल, मंगलवार को एकजुट होकर चुनाव आयोग से मिलेंगे दल

मालूम हो कि भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग के निधन के बाद उत्तर विधानसभा सीट पर 19 मई को मतदान कराया गया। उपचुनाव में सपा, बसपा और रालोद गठबंधन से सूरज शर्मा ने चुनाव लड़ा, वहीं प्रसपा ने दिलीप बघेल को उतारा था। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी भी मैदान में हैं। उत्तर विधानसभा सीट के उपचुनाव में इतने कम वोट पड़े हैं कि भाजपा समेत सभी दलों की नींद उड़ गई है। उपचुनाव में मतदान का आंकड़ा 39.45 फीसदी में ही सिमट कर रह गया, जो वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले 18.95 फीसद कम हैं।

यह भी पढ़ें- शिवपाल ने जारी किया प्रसपा का घोषणापत्र, किसान, मुसलमान, गरीबों और शिक्षामित्रों पर खास फोकस